विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रेमी ने प्रेमिका को नहर में फेंका! 150 km दूर मिला शव; लावारिस समझ किया अंतिम संस्कार, 12 दिन बाद पकड़ा कातिल

By Prem Verma Edited By: Hema Devi
Published: Mon, 21 Sep 2026 07:51 AM (IST)

तकरार के बाद शादीशुदा प्रेमिका को नहर में फेंकने के मामले में आरोपित प्रेमी अजय कुमार को पातड़ां पुलिस ने ...और पढ़ें

पटियाला में शादीशुदा प्रेमिका का कत्ल।

पटियाला में शादीशुदा प्रेमिका का कत्ल।

HighLights

  1. शादीशुदा प्रेमिका को नहर में फेंकने के आरोप में प्रेमी गिरफ्तार

  2. मृतका रणदीप कौर का शव फतेहाबाद में मिला, 12 दिन बाद पहचान

  3. आरोपित अजय कुमार ने तकरार के बाद दिया वारदात को अंजाम

जागरण संवाददाता, पटियाला। तकरार के बाद शादीशुदा 23 वर्षीय प्रेमिका को नहर में फेंकने के मामले में पातड़ां थाना की पुलिस ने आरोपित प्रेमी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।

मृतका की पहचान रणदीप कौर के रूप में हुई है और आरोपित की पहचान शुतराणा के रहने वाले अजय कुमार के रूप में हुई है।

मृतका की दादी मनजीत कौर पत्नी नेक सिंह ने आरोप लगाया कि सात सितंबर को अजय कुमार उसकी पौती को साजिश के तहत अपने साथ ले गया था। वह उसे नहर के किनारे ले गया और उसने उसे नहर में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

शव पानी में बहकर पटियाला से करीब 150 किलोमीटर दूर हरियाणा के फतेहाबाद पहुंच गया था। वहां पर शव की पहचान न होने पर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया था।

युवती का शव मिलने की सूचना पर परिवार 19 सितंबर को वहां पहुंचा तो फोटो और कपड़ों के जरिये रणदीप कौर की पहचान की। परिवार को उसकी अस्थियां तक भी नहीं मिल पाई थीं।

वर्ष 2023 से आरोपित के साथ रह रही थी रणदीप

दर्ज शिकायत के अनुसार, रणदीप कौर का अपने पति मनीष कुमार से तलाक नहीं हुआ था, लेकिन वर्ष 2023 से अजय कुमार के साथ प्रेम संबंध होने के कारण वह अजय के साथ रहने लगी थी।

शिकायतकर्ता दादी के अनुसार अजय कुमार से परिवार में दो बेटियां ढाई साल व आठ महीने की हैं और आरोपित कुल्चे बेचने का काम करता था। कुछ समय पहले अजय कुमार ने रणदीप कौर के साथ मारपीट की थी।

इसके बाद शिकायतकर्ता अपनी पोती को अपने घर ले आई थी। सात सितंबर की सुबह करीब सात से आठ बजे के बीच अजय कुमार उसकी पोती रणदीप कौर को उसके मना करने के बावजूद अपने साथ ले गया।

इसके बाद जब उसने रणदीप और अजय कुमार से मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो दोनों के फोन बंद मिले। इस पर वह आरोपित के घर पहुंची और रणदीप के बारे में पूछताछ की।

आरोप है कि आरोपित के माता-पिता भी उसे कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। इस दौरान पता चला कि आरोपित जबरन रणदीप कौर के घर से ले गया और नहर किनारे टहलते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर गला दबाने के बाद उसे नहर में फेंक दिया था।

टोहाना में मिला था अज्ञात युवती का शव

रणदीप की तलाश करते हुए उसकी दादी 19 सितंबर को हरियाणा के फतेहाबाद जिले के थाना सदर टोहाना पहुंची। वहां पुलिस ने बताया कि आठ सितंबर की सुबह करीब आठ बजे गांव ललौडा के पास भाखड़ा नहर से एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था।

पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई करने के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। पुलिस द्वारा दिखाई गई मृत युवती की फोटो देखकर शिकायतकर्ता ने उसकी पहचान अपनी पोती रणदीप कौर के रूप में की।

इसके बाद उसने आरोप लगाया कि अजय कुमार रणदीप को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और शुतराणा के पास भाखड़ा नहर में फेंककर उसकी हत्या कर दी।

यह भी पढ़ें- नशे के खिलाफ BJP का शंखनाद! आज बठिंडा से 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' को हरी झंडी दिखाएंगे शिवराज सिंह चौहान