नहर में नहाने गया नाबालिग बहा
गर्मी से राहत पाने के लिए नहर में नहाने गया 17 साल का एक नाबालिग बह गया।
जेएनएन, नाभा : गर्मी से राहत पाने के लिए नहर में नहाने गया 17 साल का एक नाबालिग बह गया। इस युवक के साथ तीन अन्य दोस्त भी गए थे। नहर में बहने वाले युवक की पहचान मेवा राम उम्र करीब 17 साल निवासी गांव खनौड़ा के रूप में हुई है। मेवा राम अपने तीन दोस्तों के साथ जोड़े पुल रोहटी नहर पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे नहाने गया था। मेवा राम के बहने की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग तुरंत नहर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी है। दोस्तों ने बताया कि मेवा राम को थोड़ी बहुत तैराकी आती थी लेकिन नहर की गहराई अधिक होने के कारण वह बह गया। बता दें कि मेवा राम के पिता बीमार चल रहे हैं, जिस वजह से मेवा राम की मां घर छोड़कर चली गई थी। पिता की हालत खराब होने के कारण आर्थिक हालत बिगड़ गई। ऐसे में पढ़ाई छोड़ मेवा राम काम करने लगा था। जिस वजह से वह घर की जिम्मेदारी संभाल रहा था। मौके पर पहुंचे मेवा राम के रिश्तेदार दर्शन सिंह ने कहा कि सोमवार दोपहर को मेवा नहर में नहाने चला गया था। थाना भादसों के इंचार्ज अमृतपाल सिंह ने कहा कि कि मेवा राम नहर में बह गया है, जिसकी तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है।