पानीपत की अल्फ्रेड ग्लोबल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल की 8 गाड़ियों ने पाया काबू; करोड़ों का हुआ नुकसान
पानीपत के सेक्टर-25 पार्ट-2 स्थित अल्फ्रेड ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में रविवार को भीषण आग लग गई। दमकल की 8 ...और पढ़ें
-1794131389124_m.webp)
फैक्ट्री में भीषण आग, मशीनरी और कच्चा माल जलकर राख।
जागरण संवाददाता, पानीपत। सेक्टर-25 पार्ट-2 स्थित अल्फ्रेड ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड में रविवार को भीषण आग लगने से फैक्ट्री में हड़कंप मच गया।
फैक्ट्री के अंदर आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटों और आसमान में उठते काले धुएं के गुबार से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की 8 गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग इतनी भयंकर थी कि फैक्ट्री के अंदर रखा मशीनरी का सामान और भारी मात्रा में कच्चा माल जलकर राख हो गया। आग के कारण फैक्ट्री में काफी नुकसान होने की आशंका है।
जिला अग्निशमन अधिकारी गुरमेल ने बताया कि फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं।
कुल आठ गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।