पंजाब बीएड प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी, 17309 अभ्यर्थी उत्तीर्ण; अब दाखिले की प्रक्रिया होगी शुरू
बीएड साझा प्रवेश परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित हो गया है। परीक्षा में शामिल 17,361 अभ्यर्थियों में से 17,309 को उत्तीर्ण घोषित किया गया है।

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
पंजाब बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 का परिणाम जारी।
पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला ने सफलतापूर्वक परीक्षा आयोजित की।
17,309 अभ्यर्थी उत्तीर्ण, अब दाखिले की प्रक्रिया शुरू।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाब में बीएड पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित राज्य स्तरीय बीएड साझा प्रवेश परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा का आयोजन पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला की ओर से किया गया था। इस परीक्षा के माध्यम से पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर और पंजाबी विश्वविद्यालय से संबंधित शिक्षा महाविद्यालयों में बीएड पाठ्यक्रमों में दाखिला दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार परीक्षा का आयोजन पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. जगदीप सिंह ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने परीक्षा के संचालन की जिम्मेदारी सुचारु तरीके से निभाई। उन्होंने परीक्षा को सफल बनाने में योगदान देने वाली पूरी टीम, पर्यवेक्षकों और जिला प्रशासन का आभार जताया।
यह भी पढ़ें- फेसबुक-इंस्टाग्राम को हटानी होगी MLA खैहरा की AI से बनी आपत्तिजनक वीडियो, चंडीगढ़ Court का आदेश
17,985 अभ्यर्थियों को जारी हुए थे प्रवेश पत्र
विश्वविद्यालय के अनुसार प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 17,985 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। इनमें से 17,361 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के मूल्यांकन के बाद 17,309 अभ्यर्थियों को योग्य घोषित किया गया।
इस तरह परीक्षा में शामिल हुए अधिकांश अभ्यर्थी अगली प्रवेश प्रक्रिया के लिए पात्र हो गए हैं। अब संबंधित विश्वविद्यालयों और शिक्षा महाविद्यालयों में बीएड दाखिले की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
यह भी पढ़ें- पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर बादल पर नांदेड़ में कृपाण से हमला, बचाने की कोशिश में PSO भी घायल
16 शहरों में बनाए गए थे 55 केंद्र
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए राज्य के 16 शहरों में 41 महाविद्यालयों के 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इससे अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को अपने नजदीकी केंद्रों पर परीक्षा देने की सुविधा मिली।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। कुलपति ने उम्मीद जताई कि परीक्षा में सफल अभ्यर्थी भविष्य में प्रशिक्षित शिक्षक के रूप में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
