लुधियाना के ढोलेवाल फ्लाईओवर पर चावल की भूसी से भरा ट्रक पलटा, सड़क पर बिखरा माल; घंटों तक लगा रहा जाम
लुधियाना के ढोलेवाल फ्लाईओवर पर चावल की भूसी से भरा ट्रक पलटने से यातायात प्रभावित हुआ। सड़क पर भूसी फैलने से कई घंटे तक वाहन चालकों को परेशानी हुई।

ट्रक पलटने के बाद बिखरा हुआ भूसा।
HighLights
ढोलेवाल फ्लाईओवर पर चावल भूसी से भरा ट्रक पलटा।
हादसे से सड़क पर भूसी बिखरी, यातायात बाधित हुआ।
क्रेन की मदद से ट्रक हटाया, सड़क साफ की गई।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना शहर के व्यस्त चीमा चौक स्थित लिंक रोड के ढोलेवाल फ्लाईओवर पर बुधवार सुबह चावल की भूसी से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदा सामान सड़क पर बिखर गया, जिससे फ्लाईओवर पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी देर तक जाम से जूझना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक फ्लाईओवर के मोड़ से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद बड़ी मात्रा में चावल की भूसी सड़क पर फैल गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई।
यह भी पढ़ें- 2027 चुनाव को लेकर कांग्रेस सक्रिय, राहुल आ सकते हैं पंजाब; श्री हरिमंदिर साहिब से हो सकती है शुरुआत
एक लेन बंद कर संभाला यातायात
हादसे की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर की एक लेन को बंद कर दिया गया और दूसरी लेन से वाहनों को निकालने का प्रयास किया गया। ट्रक के पलटने और सड़क पर भूसी बिखरने के कारण यातायात की रफ्तार धीमी हो गई।
फ्लाईओवर से होकर कार्यालयों और स्कूलों की ओर जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में नशा-हथियार तस्करी के दो नेटवर्क का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार; 7 पिस्तौल और 2.03 किलो हेरोइन बरामद
क्रेन की मदद से हटाया ट्रक
सड़क पर फैली चावल की भूसी को हटाने के लिए नगर निगम और संबंधित विभाग की टीमों को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को सीधा किया गया। सड़क की सफाई और ट्रक हटाने में कई घंटे लग गए।
काम पूरा होने के बाद रास्ते को पूरी तरह बहाल किया गया और यातायात सामान्य हुआ। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
