छह घंटे में 13 एमएम बारिश, ठिठुरन बढ़ी
वीरवार को हुई रिमझिम बारिश ने ठंड बढ़ा दी है।
संवाद सहयोगी, पठानकोट
वीरवार को हुई रिमझिम बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। बारिश के दौरान पारे में भी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार की तुलना में बारिश के दौरान वीरवार को न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बारिश के कारण सिटी व आसपास के लोग ठंड की वजह से ठिठुरते रहे। लोगों ने ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों व अलाव का सहारा लिया। वहीं हाथों में छाते लेकर लोग बारिश से बचते हुए भी देखे गए। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार वीरवार को बारिश होने से तापमान में गिरावट आ गई और ठंडी हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के दौरान वीरवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के साथ ठंडी हवाओं से मौसम की रंगत बदली नजर आई। दोपहर होते-होते आसमान काली घटाओं से भर गया और दिन में लोगों को रात होने का एहसास होता रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी मौसम इसी तरह से रहने की संभावना जताई है। वीरवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए थे। सुबह करीब 9 बजे हल्की धूप निकल आई लेकिन कुछ ही मिनटों में मौसम फिर से बिगड़ गया और सुबह 10:15 बजे हल्की बूंदाबांदी होने लगी। दिनभर 6 घंटों में रूक-रूककर 13 एमएम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक अगर मौसम इसी प्रकार रहता है तो शुक्रवार को तापमान में दो डिग्री की गिरावट हो सकती है इसके बाद न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा।
भीगते स्कूल से घर गए बच्चे
रिमझिम बारिश के दौरान स्कूलों के आसपास छोटे बच्चे हाथों में छाता लेकर मस्ती करते हुए देखे गए। सुबह स्कूल टाईम मौसम सामान्य होने के चलते कई स्कूली बच्चे छाता लेकर स्कूल नहीं गए। दोपहर के समय स्कूल में छुट्टी होने के बाद बारिश के कारण कई स्कूली बच्चों भीगते हुए घर पहुंचे।
आज भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग चंडीगढ़ के डायरेक्टर डॉ. सु¨रद्र पाल के अनुसार आज यानी शुक्रवार को भी आसमान में बादलों की मौजूदगी रहेगी। बादलों की मौजूदगी के कारण आज फिर से हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद शुक्रवार को तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और गिरावट दर्ज की जाएगी।