दस में से आठ लेन से गुजर रहे वाहन, भीड़ अभी भी कम
लॉकडाउन में ढील के बाद सड़कों पर भी वाहन दौड़ने लगे हैं।
संवाद सहयोगी, सरना: लॉकडाउन में ढील के बाद सड़कों पर भी वाहन दौड़ने लगे हैं। यही कारण है कि वीरान हो चुके टोल प्लाजा पर भी रौनक होने लगी है। पठानकोट-अमृतसर रोड पर लदपालावा टोल प्लाजा में वाहनों की कतारें लगने लगी हैं। यहा पर पहले की तरह वाहन की आमद नहीं है लेकिन अब इनमें धीरे-धीरे इजाफा हो रहा है।
टोल प्लाजा में पहले करीब 15 हजार वाहन रोजाना गुजरते थे। अब यही तादाद वाहनों की 8 हजार के आसपास रह रही है। लॉकडाउन का असर अभी सफर में बाधा बन रहा है। कोरोना महामारी के बीच लोग भी यात्रा करने से गुरेज कर रहे हैं। बात टोल प्लाजा की व्यवस्था की करें तो यहा पर कुल दस लेन बनाई गई हैं। इनमें 5-5 लेन आवागमन के लिए निर्धारित हैं। अभी प्रबंधन की तरफ से आठ लेन ही वाहनों के गुजरने के लिए प्रयोग की जा रही हैं। इनमें दोनों तरफ कैश काउंटर की दो और फास्टैग की तीन-तीन लेन शामिल हैं।
बंद की गई दो लेन का मरम्मत कार्य चल रहा है। लेकिन वाहनों की तादाद इतनी अधिक नहीं है कि भीड़ जमा हो सके। फास्टैग के साथ ही कैश अदायगी वाले वाहन भी टोल से गुजर रहे हैं। दूसरी ओर टोल का सारा स्टाफ काम पर लौट आया है। प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों को काम सुचारू होने के साथ ही ड्यूटी पर तैनात कर दिया है। टोल प्लाजा से गुजर रहे चालक अमित, विवेक, पवन, सतपाल ने कहा कि यहा से गुजरने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई। अभी तक एक समय में कुछेक वाहन ही टोल की लेन में खड़े थे, ऐसे में शुल्क अदा करने के बाद वह आसानी से निकल गए। सफर करने वालों की संख्या में इजाफा
दूसरी ओर टोल प्लाजा के प्रबंधक कमलजीत ने कहा है कि लॉकडाउन में छूट के बार सफर करने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। लेकिन पहले की तुलना में अभी भी वाहन कम
तादाद में आ रहे हैं, बावजूद इसके टोल प्रबंधन की तरफ से स्टाफ एवं सुविधाएं को तैयार कर दिया गया है, जिससे कि किसी को दिक्कत न आए।