कोहरे और ठंड से निपटने को रेलवे ने कसी कमर, जम्मू-कठुआ रेल खंड पर दिन-रात चलेगी स्पेशल पेट्रोलिंग; हर पटरी पर पैनी नजर
उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने सर्दियों में घने कोहरे और कम तापमान से निपटने के लिए जम्मू-कठुआ रेल खंड पर विशेष शीतकालीन गश्त अभियान शुरू किया है।

सर्दियों में ट्रेनों की सुरक्षा को लेकर रेलवे अलर्ट, जम्मू-कठुआ रेल खंड पर विशेष गश्त शुरू।
HighLights
जम्मू मंडल ने सर्दियों के लिए विशेष गश्त अभियान शुरू किया
यात्रियों की सुरक्षा और सुचारु रेल संचालन मुख्य उद्देश्य है
रेलवे टीमें दिन-रात ट्रैक की निगरानी करेंगी, खामियां दूर होंगी
जितेंद्र शर्मा, पठानकोट। सर्दियों के मौसम में घने कोहरे, अत्यधिक कम तापमान और प्रतिकूल मौसम के चलते रेल संचालन में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने कमर कस ली है।
यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों का संचालन सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जम्मू-कठुआ रेल खंड पर विशेष शीतकालीन गश्त अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत रेलवे की विशेष टीमें दिन-रात रेलवे ट्रैक की निगरानी करेंगी, ताकि किसी भी संभावित तकनीकी खामी या सुरक्षा संबंधी खतरे का समय रहते पता लगाकर उसे दूर किया जा सके।
वरिष्ठ मंडल अभियंता जम्मू शुभम पवार के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस अभियान के दौरान रेलवे के विशेष गश्ती दल निर्धारित समय पर ट्रैक का निरीक्षण करेंगे। खासतौर पर संवेदनशील स्थानों, कमजोर ट्रैक खंडों, रेल जोड़ों, प्वाइंट्स और क्रासिंग पर विशेष नजर रखी जाएगी। सर्दियों में रात और सुबह के समय तापमान में गिरावट तथा कोहरे के कारण रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए गश्ती दल अतिरिक्त सतर्कता बरतेंगे।
गश्त के दौरान ट्रैक में किसी भी प्रकार की असामान्यता, तकनीकी खराबी, बाधा अथवा संभावित सुरक्षा जोखिम सामने आने पर इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी जाएगी, ताकि बिना देरी आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। रेलवे का यह अभियान शीतकालीन मौसम में ट्रैक की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ रेल यातायात को निर्बाध बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मंडल की ओर से किए जा रहे आवश्यक तकनीकी व सुरक्षा उपाय: निरीक्षक राघवेंद्र सिंह
जम्मू मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक रेल यात्रा उपलब्ध करवाना रेलवे की प्राथमिकता है। सर्दियों के दौरान भी ट्रेनों का संचालन सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए मंडल की ओर से सभी आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा उपाय किए जा रहे है।