गांव जंगल के सालिड वेस्ट मैनजमेंट प्रोजेक्ट का कार्य अंतिम चरण में
करीब सात लाख की लागत से सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट का गांव जंगल में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
संवाद सहयोगी, घरोटा : करीब सात लाख की लागत से सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट का गांव जंगल में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसका 80 प्रतिशत कार्य मुकम्मल हो चुका है। इसके निर्मित होते ही शहरों की तर्ज पर गांवों में कूड़ा निस्तारण की समस्या का समाधान होगा। गांव के श्मशानघाट के निकट निर्मित किए जा रहे इस प्रोजेक्ट के पिट्स, शेड, चार दीवारी इत्यादि निर्मित हो चुके है, जबकि गेट और कच्चे मार्ग को ठीक करने का क्रम जारी है। गांव की सरपंच रीटा सलारिया ने कहा कि प्रत्येक घर में दो डस्टबिन उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसमें एक में गीला और दूसरे में सूखा कूड़ा इकट्ठा करना होगा। इसे कर्मचारी सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट में निर्मित पिट में डिपाजिट करेंगे। सहायक इंजीनियर लखवीर सिंह और पंचायत सचिव राजीव कुमार ने कहा कि यह सरकार का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। इसके निर्मित होने पर यहां कूडे़ की समस्या का समाधान होगा। पंचायतें खाद बेचकर आर्थिक तौर पर आत्म निर्भर होगी। वही रोजगार के अवसर भी बढ़ेगा।