हेल्प बटन दबाते ही महिलाओं की सुरक्षा करने पहुंचेगी पुलिस
स्किल डेवलपमेंट सेंटर सुजानपुर में जागरूकता कार्यक्रम करवाया।
संवाद सहयोगी, सुजानपुर : सांझ केंद्र सुजानपुर इंचार्ज एएसआइ बलजीत सिंह ने स्किल डेवलपमेंट सेंटर सुजानपुर में जागरूकता कार्यक्रम करवाया। इस मौके पर विशेष रूप से डीएसपी हेडक्वार्टर ललित कुमार उपस्थित हुए। स्किल डेवलपमेंट सेंटर में ट्रेनिग ले रही छात्राओं को जिला सांझ ट्रेनर कविता ने 112 इंडिया एप, शक्ति एप, पुलिस हेल्पलाइन नंबर 181 के बारे में विशेष जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग ने एप चलाए हैं। शक्ति एप को पंजाब पुलिस चला रही है। इस एप में पुलिस अधिकारियों के नंबर कंट्रोल रूम के नंबर दर्ज हैं, जिसका हेल्प नाम से आइकॉन बना हुआ है। जरूरत पड़ने पर महिला केवल हेल्प बटन को प्रेस करेगी और उसकी पूरी लोकेशन कंट्रोल रूम में पहुंच जाएगी। जिससे समय पर पुलिस टीम महिला के पास पहुंच जाएगी और 112 इंडिया एप को महिलाएं अपने फोन पर डाउनलोड कर सकती हैं। किसी भी मुश्किल हालात में अगर महिलाएं इस ऐप पर मैसेज करती हैं, तो तुरंत उनकी लोकेशन हेड क्वार्टर को पहुंच जाएगी कि वह महिला कहां पर है। वही 112 नंबर पर फोन डायल भी कर सकती हैं। महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए पुलिस ने गाड़ियां शुरू की हैं, जो भी महिला मुश्किल के समय में इस नंबर पर संपर्क करेंगे और उसी समय पुलिस टीम महिला की सुरक्षा के लिए पहुंच जाएगी। वहीं पुलिस हेल्पलाइन नंबर 181 पर भी महिलाएं किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज करवा सकती हैं।
डीएसपी ललित कुमार ने कहा कि महिलाएं सुरक्षा के लिए अपने फोन पर ऐप को डाउनलोड करें। पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। इस मौके पर सांझ केंद्र के इंचार्ज एएसआइ बलजीत सिंह, अमरबीर सिंह, संदीप कुमार, अनीता देवी, जोगिदर कौर आदि उपस्थित थे।