मोदी सरकार ने जनता को दर्द के अलावा कुछ नहीं दिया : विज
नोटबंदी के खिलाफ जिला कांग्रेस की ओर से मलिकपुर स्थित जिला प्रबंधकीय कांपलेक्स के समक्ष रोष प्रदर्शन जिलाप्रधान अनिल विज की अगुवाई में किया गया जिसमें मुख्य रूप से विधायक अमित विज उपस्थित हुए। प्रदर्शन में कांग्रेसी वर्करों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जमकर कोसा गया और नारेबाजी की गई।
संवाद सहयोगी, सरना (पठानकोट)
नोटबंदी के खिलाफ जिला कांग्रेस की ओर से मलिकपुर स्थित जिला प्रबंधकीय कांपलेक्स के समक्ष रोष प्रदर्शन किया गया। जिला प्रधान अनिल विज ने इसकी अगुवाई की। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से विधायक अमित विज उपस्थित हुए। प्रदर्शन में कांग्रेसी वर्करों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जमकर कोसा गया और नारेबाजी की गई।
जिला प्रधान विज ने कहा कि नोटबंदी के 2 साल बाद भी इसका असर देश की अर्थव्यवस्था और आम आदमी की जेब पर दिख रहा है। नोटबंदी से न सिर्फ आम लोगों को बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान हुआ क्योंकि यह फैसला मोदी सरकार ने बिना सोचे ही लिया। नोटबंदी का बोझ 2 साल बाद भी पूरा देश झेल रहा है। व्यापारी वर्ग इससे खासा परेशान है। नोटबंदी के बाद आम लोगों को अपने ही पैसों के लिए कतारों में लगना पड़ा। वहीं भारतीय जनता पार्टी के चहेते बिना किसी दिक्कत के नोट बदलवाते रहे। कई आम लोग कतारों में खड़े हादसों का शिकार भी हुए इसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है।
विधायक अमित विज ने कहा कि मोदी सरकार ने जनता को दर्द के अलावा कुछ नहीं दिया है। भारतीय जनता पार्टी उद्योगपतियों की पार्टी है। नोटबंदी का फैसला बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए लिया गया था। नोटबंदी से आम जनता और छोटे व्यापारियों को काफी नुक्सान हुआ जिसकी भरपाई आज तक नहीं हो पाई है। उन्होंने पार्टी वर्करों से कहा कि मोदी सरकार के लोक विरोधी फैसलों का खुलकर विरोध करें। मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले का विरोध पहले भी किया गया था और आगे भी किया जाएगा। नोटबंदी से आहत व्यापारी वर्ग आज तक नहीं उभर पाया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की कैप्टन सरकार जिला पठानकोट के विकास में जुटी हुई है। क्षेत्र में 3 हजार करोड़ का डैम प्रोजेक्ट शुरू होने जा रहा है वहीं 1300 करोड़ का पेप्सीको प्रोजेक्ट का काम भी जोरों पर है।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस सचिव विनय महाजन, जिला उपप्रधान राजकुमारी, गौरव बडेरा ,जुगल किशोर, रोहित कोहली, बलजीत ¨सह, पार्षद अजय, पार्षद अश्वनी कुमार, पार्षद बल्ली, हैप्पी कुमार, भभूति शर्मा, चौधरी बिट्टू,व अन्य कांग्रेसी वर्कर उपस्थित थे।