पठानकोट से XUV-500 लूटकर गुजरात के वडोदरा जा छिपा था मास्टरमाइंड, पंजाब पुलिस ने चारों लुटेरों को दबोचा
पठानकोट पुलिस ने गन प्वाइंट पर XUV-500 लूटने के मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटी गई गाड़ी भी बरामद कर ली है।
-1795273956331_m.webp)
पठानकोट पुलिस ने सुलझाई XUV-500 लूट की गुत्थी मुख्य आरोपी समेत चार गिरफ्तार।
HighLights
गन प्वाइंट पर लूटी XUV-500 का मामला सुलझा
मुख्य आरोपी सुरजीत सिंह सहित चार गिरफ्तार किए गए
लूटी गई XUV-500 गाड़ी पुलिस ने बरामद की
जागरण संवाददाता, पठानकोट। पठानकोट पुलिस ने पिछले दिनों गन प्वाइंट पर XUV-500 गाड़ी लूटने के मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई XUV-500 गाड़ी भी बरामद कर ली है। मामले को ट्रेस करने के लिए पुलिस की विभिन्न टीमों ने गुजरात पुलिस की सहायता से कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी देते हुए बॉर्डर रेंज अमृतसर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि एसएसपी पठानकोट की ओर से मामले को सुलझाने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमों ने गुजरात पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए इस वारदात में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह उर्फ शीना निवासी अमृतसर, पुनीत शर्मा उर्फ काका निवासी अमृतसर, पवन उर्फ पानी निवासी गुरदासपुर और राहुल भट्टी उर्फ बॉबी निवासी गुरदासपुर के रूप में हुई है।
मामले का मुख्य आरोपी सुरजीत सिंह उर्फ शीना पुलिस के हत्थे चढ़ा है। उसे गुजरात पुलिस की सहायता से गुजरात के वडोदरा से गिरफ्तार किया गया। आईजी ने बताया कि मुख्य आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ थाना सदर अमृतसर में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
इस वारदात के संबंध में थाना सुजानपुर में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की ओर से मामले की आगामी जांच जारी है। पठानकोट पुलिस की इस कार्रवाई को गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।