विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धुंध की आड़ में घुसपैठ की साजिश होगी नाकाम, भारत-पाक और जम्मू-कश्मीर से सटे इलाकों में पुलिस व BSF का बड़ा सर्च ऑपरेशन

Published: Thu, 26 Nov 2026 05:10 PM (IST)

सर्दी के मौसम और धुंध की आशंका को देखते हुए पठानकोट के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

सर्दी और धुंध में सीमा पर सुरक्षा का कड़ा पहरा।

सर्दी और धुंध में सीमा पर सुरक्षा का कड़ा पहरा।

HighLights

  1. सर्दी में सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंध मजबूत किए गए

  2. पुलिस और बीएसएफ मिलकर विशेष सर्च ऑपरेशन चला रहे

  3. धुंध में असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही

संवाद सहयोगी, बमियाल। सर्दी के मौसम के आगाज को देखते हुए जिले के बार्डर एरिया में पुलिस की ओर से सुरक्षा प्रबंध और मजबूत किए जा रहे हैं। सर्दी के दौरान सामने आने वाली संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि धुंध की आड़ में कोई भी असामाजिक तत्व अपनी गतिविधियों को अंजाम न दे सके।

इसी के मद्देनजर पुलिस की ओर से बीएसएफ के साथ मिलकर सीमा क्षेत्र में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। वहीं, सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उचित कदम उठाते हुए प्रत्येक पुलिस नाके पर तैनात कर्मचारियों को विशेष सतर्कता और सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

यह क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है, क्योंकि एक ओर यह भारत-पाकिस्तान सीमा से सटा हुआ है, वहीं जिले के इस क्षेत्र की एक सीमा जम्मू-कश्मीर के साथ भी लगती है।

इस संवेदनशीलता को देखते हुए उच्च अधिकारियों की ओर से समय-समय पर सीमा क्षेत्र में स्थापित सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति के तहत अभियान चलाए जाते रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को भी सुरक्षा का भरोसा दिलाया जाता है। अब सर्दी के मौसम को देखते हुए सुरक्षा प्रबंधों को और मजबूत बनाने के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं।

इसी कड़ी के तहत पुलिस थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी दलजीत सिंह के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, अधिकारियों की ओर से समय-समय पर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा भी लिया जा रहा है। जिला पुलिस प्रमुख मनप्रीत सिंह के दिशा-निर्देशों पर थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी दलजीत सिंह की ओर से पुलिस नाकों पर दिन और रात के समय जांच-पड़ताल की जा रही है।

उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर सुरक्षा प्रबंध मजबूत किए जा रहे हैं, क्योंकि सर्दी का मौसम भी शुरू हो चुका है। ऐसे मौसम में असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है।

इन सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस की ओर से नियमित रूप से सुरक्षा अभियान चलाकर व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं पर कोई संदिग्ध या गलत गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

धुंध में बढ़ जाती हैं सुरक्षा एजेंसियों की चुनौतियां, लोगों की सतर्कता भी जरूरी

सर्दी के मौसम में सीमावर्ती क्षेत्रों में धुंध पड़ने के कारण सुरक्षा एजेंसियों के सामने कई तरह की चुनौतियां खड़ी हो जाती हैं। कम दृश्यता के चलते सीमावर्ती इलाकों और संपर्क मार्गों पर निगरानी रखना पहले की अपेक्षा अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पहले से ही सतर्कता बढ़ा देती हैं।

खासकर भारत-पाकिस्तान सीमा और जम्मू-कश्मीर से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी हो जाता है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस और बीएसएफ के साथ-साथ स्थानीय लोगों की भूमिका भी अहम रहती है। सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोग अपने आसपास की गतिविधियों से अच्छी तरह परिचित होते हैं। ऐसे में यदि कोई अनजान व्यक्ति बिना किसी उचित कारण के घूमता दिखाई दे या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को देना जरूरी है।

कई बार छोटी-सी सूचना भी किसी बड़ी घटना को रोकने में मददगार साबित हो सकती है। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें। जागरूकता और सतर्कता ही सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।