15 मिनट बजाया पीपा, नहीं सुनी तो लगाए मुर्दाबाद के नारे
सुबह 11 बजते ही नगर निगम के कर्मचारी वेतन की मांग के लिए परिसर में इकट्ठे हुए।
जागरण संवाददाता, पठानकोट : सुबह 11 बजते ही नगर निगम के कर्मचारी वेतन की मांग के लिए परिसर में इकट्ठे हुए। हाथों में खाली टीन के डिब्बे और प्लेटें लेकर 11.30 बजे के करीब 15 मिनट तक निगम परिसर नारेबाजी की। किसी अधिकारी ने उनकी बात न सुनी तो सभी एडिशनल कमिश्नर अजय सूद के दफ्तर के बाहर जमा हो गए। 10 मिनट तक उनके दरवाजे पर निगम प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए तो एडिशनल कमिश्नर अजय सूद ने अधिकारियों को बातचीत के लिए बुलाया। करीब आधा घंटा तक चली बातचीत में फैसला हुआ कि एक सप्ताह तक सभी कच्चे-पक्के 750 कर्मचारियों के खाते में दिसंबर माह का वेतन डाल दिया जाएगा। वेतन के लिए दो दिनों से गेट रैलियां कर अपनी भड़ास निकाल रहे समूह कर्मचारियों ने जमकर भड़ास निकाली। वक्ताओं ने आधा घंटा निगम प्रशासन की ढुलमूल कार्यप्रणाली को लेकर रोष जताया। अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन के प्रधान रमेश कटो, चेयरमैन दीपक भट्टी, महासचिव रमेश दरोगा, पवन कुमार, सुदेश, पुनीत शर्मा, मेहर सिंह, हरीष गुप्ता, दिनेश गुप्ता, स्वर्ण, सुनील पुंगा, सुनील गब्बर, बलदेव राज, बंटी, सौरभ, नरेश कुमार व रमेश ने मुलाजिमों को संबोधित किया।
ब्रांचों में एक घंटा कामकाज रहा बंद
सुबह 11 से लेकर दोपहर 12:30 बजे तक समूह कर्मचारी हड़ताल पर रहे। सभी कर्मचारियों के हड़ताल में होने की वजह से निगम कार्यालय में काम करवाने आए लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा जो काम पांच से दस मिनट में होता है उसे करवाने के लिए लोगों को दो-दो घंटा इंतजार करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी लोगों को डैथ बर्थ ब्रांच में उठानी पड़ी। नवजन्मे बच्चों के सर्टिफकेट गुगरा निवासी अजय कुमार, थपकौर निवासी रंजीत सिंह, वार्ड 46 निवासी निशांत कुमार, सुबेदार अजीत सिंह, ठाकुर मान सिंह ने समस्याएं बताई।
वेतन को लेकर कर्मचारियों के शिष्टमंडल से करीब आधा घंटा बात हुई है। कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों को स्थित से अवगत करवा दिया गया है। पांच से सात दिन तक वेतन के लिए रुकना पड़ सकता है जिस पर उन्होंने अपनी सहमति जता दी है। अगले सप्ताह कर्मचारियों के खाते में तनखाह डाल दी जाएगी। इसके बाद कर्मचारियों ने अपने प्रदर्शन को कल से न करने का भी आश्वासन दिया है।
अजय सूद, एडिशनल कमिश्नर, नगर निगम