मड बाथ को बताया शरीर के लिए लाभदायी
पठानकोट : प्रस्थान आश्रम में इंटरनेशनल नैचुरोपैथिक आर्गनाइजेशन और महर्षि पतंजलि प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में प्राकृतिक चिकित्सा दिवस मनाया गया।
संवाद सहयोगी, पठानकोट : प्रस्थान आश्रम में इंटरनेशनल नैचुरोपैथिक आर्गनाइजेशन और महर्षि पतंजलि प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में प्राकृतिक चिकित्सा दिवस मनाया गया। इसमें लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा व आहार के बारे में अवगत कराया गया। जुगियाल स्थित महर्षि पतंजलि प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के डायरेक्टर व आइएनओ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विकेश महाजन ने बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा में लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा दिवस की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम की शुरूआत सामूहिक मड बाथ (मिट्टी स्नान) से की गई। इसके बाद आहार ही औषधि है, विषय पर जानकारी दी गई। बिना दवा कैसे स्वस्थ रहें, इसकी जानकारी भी दी गई। डॉक्टर विकेश महाजन ने लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा व आयुर्वेद के सिद्धांत बताए। डॉ. संजय शर्मा ने लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा में पंचत्व जिसमें मिट्टी, पानी, अग्नि, वायु व आकाश द्वारा इलाज का महत्व बताया।
जिला संयोजक पवन देव मन्हास ने योग व प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. कीर्ति मित्तल, सचिव डॉ. संजय शर्मा, विजय वैद्य, राजीव महाजन भी मौजूद थे।