आज पठानकोट आएंगे केजरीवाल कल भोआ पहुंचेंगे चन्नी
नेताओं के आगमन को लेकर जिला पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। जिले में एसओजी को तैनात कर दिया गया है। प्रशसनिक अधिकारी भी पूरी तरह सतर्क हो गए हैं और स्थिति का लगातार जायजा ले रहे हैं।
जागरण टीम, पठानकोट/ सुजानपुर: जिले में सियासी सगर्मियां तेज हो गई हैं। मतदाताओं को रिझाने और पार्टी के प्रचार को लेकर प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर के नेताओं का जिले में आने का सिलसिला शुरू हो गया है। वीरवार को जहां आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद्र केजरीवाल पठानकोट में तिरंगा यात्रा निकालेंगे, वहीं शुक्रवार को मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भोआ में विभिन्न कार्यो का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल बादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री सुखबीर बादल भी 16 दिसंबर को हलका भोआ के गतौरा व सुजानपुर में जनता के रू-ब-रू होंगे। सीएम अरविद केजरीवाल पठानकोट तथा मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी गांव जसवाली में जनता को संबोधित करेंगे। अगले वर्ष होने वाले विधान सभा चुनाव के चलते संभवता इसी महीने के अंत तक चुनाव आचार संहिता लगने की भी पूरी उम्मीद है। इसके बाद सियासी अखाड़े पूरी तरह से हलचल शुरू हो जाएगी। नेताओं के आगमन को लेकर जिला पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। जिले में एसओजी को तैनात कर दिया गया है। प्रशसनिक अधिकारी भी पूरी तरह सतर्क हो गए हैं और स्थिति का लगातार जायजा ले रहे हैं।
गुरदासपुर रोड से शुरू होगी केजरीवाल की तिरंगा यात्रा: विभूति
आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज व इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन विभूति शर्मा ने बताया कि पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री मुनीष सिसोदिया, प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान व अवतार चीमा सहित 12 बजे पठानकोट पहुंचेंगे। गुरदासपुर रोड स्थित बिमको पेट्रोल पंप के पास वह एक रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद शहर में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। तिरंगा यात्रा गुरदासपुर रोड से लेकर गाड़ी अहाता चौक तक निकाली जाएगी। केजरीवाल के पहुंचने पर अलग-अलग पार्टियों के कुछ कार्यकर्ताओं के आम आदमी पार्टी में शामिल होने की संभावना है।
66केवी बिजली सब स्टेशन और स्टेडियम का उद्घाटन करेंगे सीएम चन्नी
जागरण टीम, पठानकोट/ सुजानपुर: शुक्रवार को भोआ विधानसभा पहुंच रहे मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कई विकास कार्यों का उद्घाटन करने के साथ ही बारठ साहब जाएंगे। इसके साथ ही अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री चन्नी उदय रिसार्ट में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के साथ ही उनको संबोधित भी करेंगे। भोआ विधानसभा हलके के विधायक जोगिदर पाल ने बताया कि हेलीकाप्टर से बनीलोधी स्टेडियम में पहुंचेंगे और इसका उद्घाटन भी करेंगे। इसे साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा 66 केवी सुंदरचक्क बिजली सबस्टेशन का भी उद्घाटन किया जाएगा। विधायक के मुताबिक मुख्यमंत्री उदय रिसार्ट में हलके के संरपंचों-पंचों, समिति सदस्यों, जिला परिषद सदस्यों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे।
बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को सुजानपुर का दौरा भी करना था, पर बताया गया कि किन्हीं कारणों से मुख्यमंत्री चन्नी का दौरा रद हो गया है। अब मुख्यमंत्री शुक्रवार को केवल भोआ क्षेत्र का ही दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भोआ विधानसभा हलके के दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि भोआ पहुंचकर मुख्यमंत्री चन्नी कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चुनाव के लिए जोश भरने का काम करेंगे। इसके साथ ही चन्नी अपने इस दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अंदरुनी कलह और गुटबाजी से बचते हुए पार्टी को मजबूत करने का आह्वान भी करेंगे।