डेंगू-मलेरिया की आशंका, मरीज को सिविल में बेड मिलने में लगे कई घंटे
डाक्टर को दिखाए जाने पर बुधवार को उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया व इलाज किया गया। साथ ही डाक्टर के द्वारा अन्य टेस्टों के साथ डेंगू मलेरिया व कोविड टेस्ट करवाने के लिए भी कहा गया।
संवाद सहयोगी, पठानकोट: सिविल अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक होने के चलते सभी वार्ड इस समय फुल चल रहे हैं। ऐसे में मरीजों को भर्ती होने में बेड ढूंढने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वीरवार को डेंगू, मलेरिया से पीड़ित होने की आशंका का मरीज अस्पताल में भर्ती होने के लिए भटकता रहा, लेकिन उसे वार्ड में कहीं भी बेड खाली नहीं मिला।
खानपुर से आए विजय ने बताया कि पिछले तीन-चार दिन से उसे लगातार बुखार है। साथ ही उसे ठंड लग रही है व कंपकपी छूट रही है। डाक्टर को दिखाए जाने पर बुधवार को उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया, गया व इलाज किया गया। साथ ही डाक्टर के द्वारा अन्य टेस्टों के साथ डेंगू, मलेरिया व कोविड टेस्ट करवाने के लिए भी कहा गया। उसने बताया कि उसकी एसएमओ डाक्टर सुनील चंद से भी बीमारी को लेकर बात हुई व उन्होंने भर्ती होने के लिए कहा था। बुधवार को लैब में उसका टेस्ट नहीं किया गया क्योंकि सैंपल लेने का समय खत्म हो चुका था। इमरजेंसी वार्ड में इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। उसने बताया कि वीरवार सुबह से वह अस्पताल में टेस्ट करवाने व भर्ती होने के लिए आया है। वीरवार को उसके द्वारा टेस्ट के लिए सैंपल तो दिया गया पर उसे भर्ती होने के लिए बेड नहीं मिला। भर्ती होने के लिए उसकी फाइल भी बनी है, लेकिन न तो उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है व न ही अन्य वार्ड में भर्ती किया जा रहा है।
विजय की पत्नी ने बताया कि सुबह से अस्पताल के सभी वार्ड में भटक रहे हैं, लेकिन कहीं भी बेड नहीं मिल रहा। जहां भी जाते हैं स्टाफ की ओर से बेड न होने की बात कह दी जाती है। हालांकि, काफी देर भटकने के बाद एसएमओ सुनील चंद ने विजय को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करवा दिया।