डीसी ने निगम दफ्तर में किया औचक निरीक्षण, स्टाफ के हाथ पांव फूले
डीसी कम निगम कमिश्नर ने शुक्रवार को निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, पठानकोट : डीसी कम निगम कमिश्नर ने शुक्रवार को निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। डीसी के बिना बताए किए गए निरीक्षण से कर्मचारियों व अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। डीसी करीब पौना घंटा निगम कार्यालय में रुके और करीब चार ब्रांचों का कामकाज चैक किया। कर्मचारियों को पब्लिक के काम समय पर निपटाने के लिए विशेष तौर पर आदेश किया गया।
शुक्रवार को करीब एक बजे डीसी कम निगम कमिश्नर गुरप्रीत सिंह खैहरा बिना किसी सूचना के निगम कार्यालय में पहुंचे। सबसे पहले डीसी एडिशनल कमिश्नर के कार्यालय में पहुंचे व उनसे करीब पांच मिनट तक विचार विमर्श किया। सभी ब्रांचों में हिलजुल हो गई, जो कर्मचारी अपनी ब्रांच को छोड़ कर दूसरी ब्रांचों में बैठे थे वह तुरंत प्रभाव से अपनी ब्रांच में पहुंच गए। डीसी ने सर्वप्रथम बर्थ सर्टिफिकेट ब्रांच में हो रहे कार्याें का जायजा लिया। सर्टीफिके लेने आए लोगों से बात की समस्याओं संबंधी पूछा। इसके बाद वह प्रापर्टी टैक्स ब्रांच में पहुंचे व प्राप्त हो रहे रेवन्यू के बारे में जानकारी हासिल की। प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के बाद वह रिसेप्शन केंद्र पहुंचे। डीसी ने पिछले पंद्रह दिनों में शहरवासियों ने आई कंप्लेंटों व हल की गई कंप्लेंटों के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद कर्मचारियों ने अपनी चिर लंबित मांगों के समाधान को लेकर डीसी को बताया। डीसी ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि एक-एक कर सभी समस्याओं का हल किया जाएगा। कार्यो में सुधार के निर्देश दिए
निरीक्षण के बाद डीसी कम निगम कमिश्नर गुरप्रीत सिंह खैहरा ने कहा वह अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ रुबरु होने आए थे। इस दौरान उन्होंने तीन-चार ब्रांचों में जाकर कर्मचारियों के कामकाज को चैक किया व उनकी समस्याओं को सुना। कुछेक कार्यों में सुधार की जरुरत थी जिसमें जल्द सुधार करने के लिए कहा गया है। कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। कर्मचारियों को विशेष तौर पर हिदायत की गई कि पब्लिक के कार्यों को समय पर पूरा किया जाए ताकि उन्हें बार-बार कार्यालय का चक्कर न काटना पड़े।