आनलाइन कविता, स्लोगन, पेंटिग में 116 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
साहित्य कलश की ओर से स्वामी विवेकानंद जी की जीवनी के आधार पर करवाई जा रही आनलाइन कविता स्लोगन पेंटिग प्रतियोगिता में दूसरे दिन विभिन्न राज्यों से 116 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
संवाद सहयोगी, पठानकोट : साहित्य कलश की ओर से स्वामी विवेकानंद जी की जीवनी के आधार पर करवाई जा रही आनलाइन कविता, स्लोगन, पेंटिग प्रतियोगिता में दूसरे दिन विभिन्न राज्यों से 116 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अभी तक 302 विद्यार्थी इस प्रतियोगिता में भाग ले चुके हैं। संस्था के अध्यक्ष डाक्टर मनु मेहरबान ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन नागालैंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, बिहार, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश से विद्यार्थियों ने भाग लिया। स्वामी विवेकानंद जी की सोच व दर्शन विश्व बंधुत्व की भावना से भरा था और उनका मानना था कि अपने जीवन में जोखिम उठाओ। अगर तुम जीतोगे, तो नेतृत्व करोगे। अगर हारोगे तो लोगों का मार्गदर्शन करोगे। कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय सनातन धर्म से दुनिया को परीक्षित करवाया। आज नागालैंड यूनिवर्सिटी से आशीष कुमार ने स्वामी विवेकानंद जी पर अपनी स्वरचित कविता में उनका गुणगान कुछ इस तरह किया, जब गए शिकागो तुम स्वामी और शांति का संदेश सुनाया, फिर सारी दुनिया ने माना था लोहा मिलकर भारत को विश्व गुरु बनाया। वहीं, जेएमके स्कूल पठानकोट की वानिया शर्मा ने अपनी रचना स्वामी विवेकानंद जी आप महान हैं, भारत की आप शान है, युवाओं का मान है, हम सबकी आप शान हैं, प्रस्तुत की। वहीं इंदिरा गांधी ओपन यूनिवर्सिटी दिल्ली से अलंकृता शर्मा ने अपनी शानदार रचना प्रस्तुत की। इसके अलावा आर्य महिला महाविद्यालय पठानकोट, आदर्श भारतीय महाविद्यालय पठानकोट, केंद्रीय विद्यालय पठानकोट, केंद्रीय विद्यालय जंगलोट गौड़, ब्राह्मण कालेज रोहतक, केंद्रीय विद्यालय पटना, नागालैंड विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने स्लोगन और पेंटिग के माध्यम से स्वामी विवेकानंद जी के जीवन के विभिन्न पहलुओं को उजागर किया। संस्था के महासचिव रमन गुप्ता, मनीष शर्मा सलाहकार, मनीष चौहान, रितेश महाजन, उपेश महाजन ने कहा कि साहित्य कलश हमेशा ही ऐसे महापुरुषों के जन्म दिवस और जयंती के उपलक्ष्य में ऐसी प्रतियोगिताएं करवाकर युवा वर्ग को अपने इन महान जननायकओं के साथ जोड़ने का प्रयास कर रही है और यह प्रयास आगे भी चलता रहेगा। इस मौके रमन गुप्ता, मनीष चौहान, रितेश महाजन, रूपेश महाजन, डाक्टर मनु शर्मा, अक्षय मेहरा, अमन, शीतल, मनीष शर्मा व अन्य भी उपस्थित थे।