बहराम में चोरी करते हुए लुधियाना के दो युवक काबू
लुधियाना से दो चोर बहराम में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
जेएनएन, नवांशहर : लुधियाना से दो चोर बहराम में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। गांव जंडियाली में घर में चोरी करते हुए गांव के लोगों ने दोनों को दबोचने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। जिस समय वे चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे उस समय घर पर कोई भी नहीं था। जब लोगों ने उन्हें घेर लिया तो वे एक छत से दूसरे छत पर कूदकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन लोगों ने दोनों को दबोच लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक जंडियाली निवासी कुलजीत सिंह जालंधर के परूथी अस्पताल में काम करते हैं। वह घर पर ताला लगाकर अपने काम पर चले गए थे। दोपहर करीब दो बजे उनके पड़ोसी हरप्रीत सिंह ने उन्हें सूचना दी कि उनके घर का मेन गेट खुला है और अंदर के दरवाजे भी खुले हैं। वे जालंधर से गांव में पहुंचे तो पता चला कि उनके घर में दो युवक चोरी करने के लिए घुसे थे। लोगों ने घर को घेर लिया तो आरोपित छत पर चढ़कर दूसरी छत पर जाकर भागने लगे। गांव के लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। आरोपित की पहचान लुधियाना के फतेह सिंह नगर निवासी गुरदीप सिंह व सुंदर नगर लोहारा निवासी कुलदीप वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस उनसे इस बाबत जानकारी जुटा रही है कि उन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।