सुखबीर बोले- बेअदबी की जांच कर रही SIT फ्रॉड, कुंवर विजय न हों सियासी साजिश में शामिल
नवांशहर में वर्करों को संबोधित करते हुए सुखबीर ने कहा कि बेअदबी मामलों की जांच के लिए गठित SIT फ्रॉड है। वह सियासत कर रही है।
जेएनएन, नवांशहर। अकाली दल प्रधान व पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने एक बार फिर पुलिस अधिकारियों को चेतावनी दी है। इस बार उनके निशाने पर बेअदबी मामलों की जांच कर रही SIT के प्रमुख रहे। नवांशहर में वर्करों को संबोधित करते हुए सुखबीर ने कहा कि बेअदबी मामलों की जांच के लिए गठित SIT फ्रॉड है। वह सियासत कर रही है।
सुखबीर ने SIT प्रमुख कुंवर विजय प्रताप को चेतावनी दी कि वह इस साजिश में शामिल न हों। अगर किसी से फोन पर बात करना जुर्म है तो SIT चीफ खुद कैप्टन से बात करते हैं। वे भी इसमें फंस सकते हैं। सुखबीर बादल ने कहा कि पूर्व विधायक मनतार सिंह बराड़ को एसपी, डीसी व आइजी से फोन पर बात करने के आधार पर SIT मामले में शामिल कर रही है।
विधायक उसके हलके में किसी घटना के होने पर अपने एसपी व डीसी से बात तो करेगा ही। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू एयर स्ट्राइक पर सवाल उठा रहे हैं। अगर उन्हें पाकिस्तान से इतना ही प्यार है तो वो वहीं चले जाएं।
विधायक समझ लें झूठे पर्चे दर्ज करना गुनाह, वे भी फंस सकते हैं
सुखबीर ने नवांशहर के विधायक अंगद सिंह पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि यहां का MLA सारा रेत ही खा गया। उन्होंने बहुत से झूठे पर्चे करवाए हैं। उन्हें पता होना चाहिए कि झूठे पर्चे करना भी गुनाह है। उस पर भी पर्चा दर्ज हो सकता है। अफसर सचेत हो जाएं। दो साल बीत गए हैं, तीन ही बचे हैं। उन्हें याद रखना चाहिए कि उनकी नौकरी भी जा सकती है।