पहाड़ों में बर्फबारी का दिखा असर, पंजाब के नवांशहर में टूटा 6 साल का रिकॉर्ड; अक्टूबर में ही बढ़ी ठंड
नवांशहर में अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही सुबह और देर रात हल्की ठंडक महसूस होने लगी है, जबकि दिन में अभी भी तेज धूप और गर्मी बरकरार है।

नवांशहर में टूटा 6 साल का रिकॉर्ड।
HighLights
अक्टूबर की शुरुआत में नवांशहर में रातें हुई ठंडी
दिन में अभी भी तेज धूप और गर्मी का अहसास
मध्य अक्टूबर से तापमान सामान्य होने की संभावना
श्वेत शर्मा, नवांशहर। मानसून की विदाई के साथ शरद ऋतु की शुरुआत हो रही है। इस बार सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम ने ऐसी करवट ली कि गर्मी के लिए पहचाने जाने वाले इस महीने में ठंड का अहसास होने लगा है।
अक्टूबर की शुरुआत में ही रात के तापमान में गिरावट आने से सुबह और देर रात हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। कई लोगों को सुबह घर से निकलते समय मौसम में नवंबर जैसी ठंडक का अहसास हो रहा है।
हालांकि दिन के समय धूप निकलने के बाद गर्मी अभी बरकरार है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) चंडीगढ़ के नवांशहर मार्केट के आंकड़ों के अनुसार 1 अक्तूबर को न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री रहा।
नवांशहर में टूटा 6 साल का रिकॉर्ड
नवांशहर के उपलब्ध ऐतिहासिक रिकॉर्ड में अक्तूबर 2018 के दौरान महीने का न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस 25 अक्तूबर को दर्ज किया गया था। इस लिहाज से अक्तूबर की शुरुआत में 21 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान महीने के अंतिम सप्ताह में दर्ज होने वाले तापमान से काफी अधिक है।
इसलिए इसे सर्दी की दस्तक कहना अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन सुबह-शाम बढ़ रही ठंडक मौसम के अगले चरण में प्रवेश का संकेत जरूर दे रही है।
अक्टूबर के पहले सप्ताह में रात का पारा 21 से 24 डिग्री के बीच
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार 1 अक्तूबर को नवांशहर में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री, 2 अक्तूबर को 21.8 डिग्री, 3 अक्तूबर को 22.3 डिग्री, 4 अक्तूबर को भी 22.3 डिग्री और 5 अक्तूबर को 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
यानी अक्तूबर के पहले सप्ताह में रात का तापमान लगातार 21 से 24 डिग्री के आसपास बना हुआ है। नवांशहर में 1 अक्तूबर को दिन का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री रहा।
2 अक्तूबर को यह बढ़कर 33.5, 3 अक्तूबर को 34.3 और 4 अक्तूबर को 34.1 डिग्री तथा 5 अक्तूबर को 34.3 डिग्री तक पहुंच गया। इससे स्पष्ट है कि रात और दिन के तापमान में अभी काफी अंतर बना हुआ है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सूरज ढलने के बाद मौसम में तेजी से ठंडक बढ़ जाती है।
दोपहर में गर्मी रात में ठंड
दूसरी तरफ अक्टूबर महीने के शुरु हो जाने के बाद भी सोमवार को दिन में गर्मी रही। मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक नवांशहर में सोमवार दोपहर एक बजे का अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज हुआ।
आने वाले दिनों में भी मौसम के रूखे तेवर झेलने पड़ सकते हैं, लेकिन अक्तूबर के दूसरे हफ्ते में राहत मिल सकती है। दूसरी तरफ आमतौर पर सितंबर में मौसम में बदलाव के कारण सुबह और रात हल्की ठंडी हो जाती है, जिससे बिजली की मांग सामान्य हो जाती है, लेकिन इस बार सितंबर महीना खत्म हो जाने के बाद भी दिन के समय गर्मी है।
अगर नवांशहर में सबसे गर्म सितंबर महीने की बात करें तो यह रिकॉर्ड पिछले 5 साल में 2023 के नाम पर है जब सितंबर में दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक चला गया था।
पिछले साल 2025 में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33 डिग्री, 2024 में 31 डिग्री, 2023 में 36 डिग्री, 2022 में 35 डिग्री और 2021 में 34 डिग्री रह चुका है।
मिड अक्टूबर से सामान्य तापमान होगा
मौसम विज्ञान केंद्र बलोवाल सोखड़ी के डायरेक्टर डा. मनमोहनजीत सिंह ने बताया कि यूपी में लो प्रेशर एरिया, डब्ल्यूडी के एक साथ प्रभाव से यह बदलाव आया है।
हालांकि मानसून विदाई 23 सितंबर को घोषित हुई थी लेकिन नवांशहर में मानसून की आधिकारिक विदाई इस बार 20 सितंबर के आस पास ही हो गई। अब अक्तूबर महीने की शुरुआत में नवांशहर में अगले 5 हलकी बारिश होने की संभावना है।
इसके बाद दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इस समय दिन के समय मानसून के बाद हवा और जमीन में नमी की भारी मात्रा के चलते उमस ने तापमान में बढ़ोतरी कर दी है। पहाड़ों में बर्फबारी से इस रीजन में सुबह-शाम का मौसम सुहाना बना हुआ है। मिड अक्टूबर से तापमान सामान्य होना शुरू होगा और उमस घटेगी।
आने वाले दिनों में होगी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र बलोवाल सोखड़ी के डायरेक्टर डा. मनमोहनजीत सिंह अगले 5 दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाने तथा हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना भी जताई है।
मौसम में बदलाव के साथ सुबह की सैर करने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को अब रात और सुबह हल्की ठंड महसूस होने लगी है। फिलहाल दिन के तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई है, लेकिन अक्तूबर के दूसरे पखवाड़े में तापमान सामान्य होने के साथ उमस कम होने और सुबह-शाम की ठंडक बढ़ने की संभावना रहेगी।
