पुलिसकर्मी को धक्का देकर तस्कर फरार, फिर दबोचा
नवांशहर सिटी थाने से एक नशा तस्कर पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार हो गया। थाना नवांशहर पुलिस ने तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तस्कर को लुधियाना जेल लेकर जाना था लेकिन वह इससे पहले ही फरार हो गया।
जागरण संवाददाता, नवांशहर : सिटी थाने से एक नशा तस्कर पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार हो गया। थाना नवांशहर पुलिस ने तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तस्कर को लुधियाना जेल लेकर जाना था, लेकिन वह इससे पहले ही फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित को हालांकि बाद में फिर गिरफ्तार कर लिया। थाना सिटी में तैनात हैड कांस्टेबल अवतार सिंह ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले के आरोपित फिल्लौर निवासी संजीव कुमार को उन्हें अदालत में पेश करने के बाद लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद करवाना था। आरोपित के खिलाफ जिला अदालत में नशे का केस चल रहा है। हैड कांस्टेबल अवतार सिंह ने बताया कि वह अपने साथ सिपाही रजिदर सिंह को लेकर कोर्ट पहुंचे थे। वहां से कस्टडी वारंट लेकर मोटरसाइकिल पर सिविल अस्पताल से संजीव का मेडिकल करवाकर थाना सिटी पहुंचे। इस बीच अवतार संजीव को ले जाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था करवाने गए और रजिदर सिंह ने संजीव को पकड़ रखा था। इसी दौरान संजीव मौका पाकर सिपाही को धक्का देकर मौके से फरार हो गया। उसके पीछे सिपाही व अन्य पुलिसकर्मी दौड़े लेकिन शहर के तंग गलियों से होता हुआ कहीं भाग निकला। पूरे जिले की पुलिस को आरोपित के बारे में अलर्ट कर दिया गया। बाद में पुलिस ने संजीव को दबोच लिया और गिरफ्तार करके उसे लुधियाना सेंट्रल जेल भेज दिया।
करियाम के पास से पकड़ा आरोपित : जांच अधिकारी
जांच अधिकारी एएसआइ सुरिदरपाल ने बताया कि संजीव को अदालत ने उसे जेल भेजने के निर्देश दिए थे। थाने में जब उसके लिए गाड़ी का प्रबंध किया जा रहा था, तभी वह पुलिसकर्मी को धक्का देकर भाग गया। बाद में उसे करियाम के पास से दबोचा। वह पैदल ही फिल्लौर की ओर जा रहा था। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
हेरोइन के साथ पकड़ा गया था आरोपित
आरोपित संजीव को 23 दिसंबर 2017 को सलोह के पास से दबोचा गया था। उसके पास पांच ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इस मामले की सुनवाई चल रही है। संजीव जमानत पर था। वह पिछली कई तारीखों से अदालत में पेश नहीं हो रहा था।