धोखे से नशे के कारण एचआइवी पॉजीटिव हुए युवक से करवाई शादी
नशीले टीकों की वजह से पति एचआइवी पॉजीटिव हो गया था लेकिन ससुराल वालों ने पत्नी को दोषी ठहराकर परेशान करना शुरू कर दिया।
जासं, नवांशहर : नशीले टीकों की वजह से पति एचआइवी पॉजीटिव हो गया था लेकिन ससुराल वालों ने पत्नी को दोषी ठहराकर परेशान करना शुरू कर दिया। ताने मारने के साथ साथ उसे मायके से पैसे लाने का दबाव भी बनाया जाने लगा। पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर रही है। ताजोवाल निवासी विवाहिता ने बताया कि दो साल पहले उसकी शादी गढ़शंकर के चोहड़ा गांव के एचआइवी पीड़ित व्यक्ति से करवा दी लेकिन शादी से पहले उसे जानकारी नहीं दी गई। उसकी शादी काठगढ़ निवासी सोढ़ी राम उर्फ रिकू ने करवाई थी। शादी के समय उनके परिवार को बताया गया कि लड़का कारपेंटर (बढ़ई) है। शादी के बाद जब पति बीमार रहने लगा तो ससुराल वालों ने उसे ही जिम्मेदार ठहराना शुरू कर दिया। पीड़िता ने बताया कि उसकी दादी के देहांत के समय पति मोटरसाइकिल से जब उनके घर पहुंचा तो बेहोश होकर गिर गया। इसके बाद लड़के का इलाज करवाया गया तो पता चला कि पति एचआइवी पॉजीटिव है। इसके अलावा उसके नशे के आदी होने के बारे में भी जानकारी मिली। ससुरालियों को इसके बारे में बताया तो उन्होंने पति के साथ मिलकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। दहेज के लिए पीड़िता को दिया दोष
पीड़िता ने बताया कि बेटे की गल्तियों को छुपाने के लिए ससुराल पक्ष ने उसे एचआइवी पीड़ित बताया और पति के बीमार होने कारण भी उसी को ठहराया। अपनी बीमारी को छुपाने के लिए उसकी सास, अविवाहित ननद और देवर ने उसे दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। इसके लिए उससे मारपीट की जाने लगी। उसे गाली-गलौच की जाती थी। उनसे परेशान हो कर वह अपने मायके आ गई। बिचौले ने भी झाड़ा पल्ला, मामला हुआ दर्ज
पीड़िता ने बताया कि बिचौले सोढ़ी राम से कहा गया कि उसे जब लड़के बारे में पता था तो उसकी शादी करवाई। लेकिन बिचौले ने सब जानते हुए भी अपना पल्ला झाड़ लिया। थाना काठगढ़ की पुलिस ने जांच के बाद विवाहिता के पति, उसके देवर सोनू व बिचौले सोढ़ी राम उर्फ जौनी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया गया है।