यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बंगा से कांग्रेस से चुनाव लड़ने वालों की लिस्ट लंबी
अनुसूचित जाति वर्ग के लिए रिजर्व बंगा विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी की ओर से लड़ने वाले उम्मीदवारों की लिस्ट लंबी होती जा रही है।

जगदीश लाल कलसी, बंगा: अनुसूचित जाति वर्ग के लिए रिजर्व बंगा विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी की ओर से लड़ने वाले उम्मीदवारों की लिस्ट लंबी होती जा रही है। पिछले साढ़े तीन साल से कांग्रेस का पूरे पंजाब में घटनात्मक ढांचा हाई कमान की तरफ से भंग किया जा चुका है। अब पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस के प्रधान है। मगर उनके द्वारा भी अभी तक जिला ब्लॉक स्तर पर कोई नई नियुक्तियां नहीं की गई है, जिस कारण कांग्रेस का आम वर्कर निराश है।
बंगा विधानसभा क्षेत्र रिजर्व है, मगर इस विधानसभा क्षेत्र की पूरी जिम्मेवारी रिजर्व कैटेगरी के किसी कांग्रेस जन को न देकर सरकार ने जनरल वर्ग से संबंधित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को सौंपकर हलके के अनुसूचित जाति वर्ग के नेताओं में भी निराशा भरी है। उधर शिरोमणि अकाली दल बादल जो कि कांग्रेस पार्टी की बंगा में मुख्य प्रतिद्वंद्वी पार्टी है, ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। कांग्रेस का उम्मीदवार अभी सामने न आने से बंगा में कांग्रेस की जीत के लिए भी सवाल खड़े हो रहे। कांग्रेस पार्टी पिछली बार भी बंगा में चुनाव हार चुकी है तथा वह तीसरे स्थान पर रही है। अब पार्टी को पहले स्थान पर आने के लिए चुनाव कई महीने पहले ही उम्मीदवार की घोषणा करनी होगी, जिससे पार्टी की जीत क्षेत्र में पक्की हो सके। बंगा विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए जिन व्यक्तियों का नाम सामने आ रहा है उनमें बंगा से पहले चुनाव लड़ चुके कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिवंगत सतनाम सिंह कैथ के पुत्र हरप्रीत सिंह कैंथ, बंगा के पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी से आजाद उम्मीदवार लड़ने वाले कांग्रेस के पूर्व विधायक चौधरी तिरलोचन सिंह सूंढ हैं। शिरोमणि अकाली दल बादल के बंगा से दो बार विधायक रहे चौधरी मोहनलाल अब कांग्रेस पार्टी में शामिल हैं। बहुजन समाज पार्टी से पिछले दो चुनाव लड़ने वाले राजिदर ठेकेदार भी कांग्रेस से टिकट के चाहवान हैं। जिला परिषद के मेंबर कमलजीत लाल, पूर्व सांसद संतोष चौधरी की बेटी, आईएएस अफसर हुसनलाल, पूर्व पीपीएस अधिकारी जसबीर सिंह राय, पूर्व आईएएस अधिकारी एसआर लद्दड़, यूथ कांग्रेस के वाइस प्रेजिडेंट एवं ब्लाक महलपुर से सरपंच हरजिंद्र कौर, डॉ बख्शीश सिंह, कांग्रेस एससी सेल के जिला चेयरमैन सोखीराम बज्जों, कांग्रेस के पूर्व ब्लाक समिति मेंबर चरणजीत कटारिया मुख्य रुप में उम्मीदवार के नाम के रूप में उभरे हैं। बंगा के स्थानीय लोगों की मांग है कि कांग्रेस स्थानीय व्यक्ति को ही टिकट दे, जिससे जीत सुनिश्चित करने में आसान रहे। अगर इसका फैसला जल्दी हो, तो कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में अन्य उम्मीदवार को हलके के लोगों को एडजस्ट करके कांग्रेस पार्टी मजबूती से आगे बढ़ सकती है ।
