युवक पर हमला करके मोटरसाइकिल लेकर हुआ फरार, केस दर्ज
थाना सदर नवांशहर पुलिस ने मोटरसाइकिल लूटने के आरोप में अज्ञात लुटेरे के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता,नवांशहर:
थाना सदर नवांशहर पुलिस ने मोटरसाइकिल लूटने के आरोप में अज्ञात लुटेरे के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव जाडला के रहने वाले विजय कुमार ने बताया कि वह रात करीब सवा नौ बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने खेतों की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक युवक उसके पास आया व उसे बस अड्डे तक छोड़ने के लिए कहा। युवक को मना करने पर उसने तेजधार हथियारों से उसकी पीठ पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के कारण वह मोटरसाइकिल से गिर गया। जिसके बाद आरोपित उसका मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात लुटेरे के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक पर हमला करने के आरोप में चार लोगों पर केस दर्ज
जागरण संवाददाता,नवांशहर:
थाना औड़ पुलिस ने हमला करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव औड़ के रहने वाले आकृत ने बताया कि वो अपने मोटरसाइकिल पर गगन पैलेस औड़ से वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान स्कार्पियो सवार कुछ लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की। जिसे नजरअंदाज करते हुए वह आगे निकल गया। उसके बाद जब वह मेन बाजार में था तो रात आठ बजे कार में सवार होकर चार लोग उसके पास रूके। उन लोगों ने कार से उतरते ही उसपर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने जांच के बाद गांव माहिल खुर्द के गुरजीत सिंह,औड़ के सुखदीप सिंह व सन्नी और गांव गढ़पधाणा के चन्नी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कारवाई शुरू कर दी है।