पंजाब के नवांशहर में दहेज को लेकर विवाहिता से मारपीट, आरोपी पति पर केस दर्ज
नवांशहर में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को परेशान करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पति शमशेर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
-1795691923909_m.webp)
दहेज को लेकर विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति पर केस। सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
पति पर दहेज मांगने, मारपीट करने का आरोप
विवाहिता जसप्रीत कौर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई
पुलिस ने पति शमशेर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया
संवाद सूत्र, नवांशहर। थाना पोजेवाल पुलिस ने दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को परेशान करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव महिंदीपुर निवासी जसप्रीत कौर ने शिकायत में बताया कि उनकी शादी आठ नवंबर 2024 को धार्मिक रीति-रिवाज से मंगूपुर निवासी शमशेर सिंह के साथ हुई थी। उनके माता-पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ससुराल पक्ष कम दहेज लाने को लेकर उन्हें परेशान करने लगा।
छोटी-छोटी बातों पर मारपीट की जाती थी। माता-पिता ने ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उत्पीड़न जारी रहा। शिकायत के अनुसार, कई बार मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया गया। मौखिक राजीनामे के बाद उन्हें वापस ले जाया गया। बीमार होने पर दवाइयां नहीं दिलाई जाती थीं व तबीयत अधिक खराब होने पर मायके छोड़ दिया जाता था।
उनके गहने और कपड़े भी ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिए। वह पिछले दो वर्षों से मायके में रह रही हैं। आरोप है कि पति उन्हें व उनके माता-पिता को धमकाता है। जांच के बाद पुलिस ने शमशेर सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 85 के तहत मामला दर्ज किया है।