बलाचौर में तीन हादसों में दो लोगों की मौत, दो घायल
बलाचौर में 12 दिन में हुए तीन अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए।
जेएनएन, नवांशहर : बलाचौर में 12 दिन में हुए तीन अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। एक हादसा बलाचौर के गांव लोहटां में एक मार्च हुआ। यहां टेंपो ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अगले दिन व्यक्ति की मौत हो गई। वह झारखंड के गुमला का रहने वाला था। थाना बलाचौर पुलिस ने इस टेंपो चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है। मृतक के भतीजे गांव गुमला निवासी डब्ल्यू ने बताया कि वह और उसका चाचा गत रविवार को गांव लोहटां से मेन रोड की तरफ पैदल जा रहे थे। चाचा मेन रोड पर चढ़ गया था और वह चाचा के पीछे-पीछे जा रहा था। इस दौरान बलाचौर के कंगना पुल की तरफ से आ रहे एक टाटा टेंपो ने उसके चाचा को टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत को देखते हुए टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। डब्ल्यू ने बताया कि उसने लोगों की सहायता से चाचा को बलाचौर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने चाचा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान चाचा की मौत हो गई।
कार ने स्कूटी चालक को मारी टक्कर
थाना सिटी बलाचौर के तहत एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी चालक को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चालक की मौत हो गई और उसके साथ बैठा व्यक्ति घायल हो गया। बलाचौर निवासी मृतक की पत्नी सावित्री ने बताया कि वह लोगों के घरों में काम करती है और उसका पति मूंगफली की दुकान करता था। सोमवार रात को करीब नौ बजे उसका पति पड़ोसी के साथ अपनी स्कूटी से गढ़ी कानूगो की तरफ जा रहे थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह भी अपने एक रिश्तेदार के मोटरसाइकिल से अपने पति की स्कूटी के पीछे-पीछे जा रहे थे। इस दौरान जब वे कंगना नहर की तरफ उतर रहे थे, तो रुपनगर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसके पति की स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में पति और पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गए। सावित्री ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसने अपने पति को नवांशहर के सिविल अस्पताल में भर्ती पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। पड़ोसी की स्थिति को डॉक्टरों ने उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया। राहगीरों ने कार का नंबर नोट कर लिया था। इसी से मालूम हुआ कि कार गांव चाचोकी (फगवाड़ा) निवासी कमलजीत सिंह चला रहा था। पुलिस ने कमलजीत सिंह पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।