दहेज के लिए तंग करने के आरोप में चार पर केस
थाना सिटी बलाचौर पुलिस ने दहेज के लिए तंग करने के आरोप में पीड़िता के ससुराल परिवार के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता,नवांशहर : थाना सिटी बलाचौर पुलिस ने दहेज के लिए तंग करने के आरोप में पीड़िता के ससुराल परिवार के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में मेहंदीपुर की रहने वाली प्रीतिका ने बताया कि उसकी शादी 11 मार्च 2012 को जिला फतेहगढ़ साहिब के तहसील खमाणों के रहने वाले विवेक कुमार के साथ हुई थी। शादी में उसके परिवार ने हैसियत से बढ़ कर दहेज दिया था, फिर भी उसका ससुराल परिवार उसे तंग करता था। उसकी मां ने अपना पुश्तैनी मकान बेच कर दस लाख रुपये दिए, लेकिन पैसा लेने के बाद भी उसे तंग किया जाने लगा और घर से निकाल दिया। अब उसे पता चला है कि उसका पति दोबारा शादी करने लगा है। पुलिस ने पीड़िता के पति विवेक, सास सुदेश कुमारी, ननद बबीता व मोनिका के खिलाफ धोखाधड़ी करने व दहेज के लिए तंग करने के आरोप में मामला दर्ज कर आगे की कारवाई शुरू कर दी है।
किशोरी को कैद करके रखने के आरोप में केस
वहीं, थाना सिटी नवांशहर पुलिस ने किशोरी को कैद में रखने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में नवांशहर की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि उसकी साढ़े 17 वर्षीय बेटी नवांशहर में ही किसी के घर में काम करती है। एक नवंबर को उसकी लड़की उनसे यह कह कर गई कि वो मालेरकोटला में अपनी बहन के घर जा रही है, लेकिन वो अपनी बहन के घर नहीं पहुंची है और न ही उसका पता चल रहा है कि वो कहां है। उसे शक है कि उसकी बेटी को किसी ने बंधक बना कर रखा है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कारवाई शुरू कर दी है।