शादी के लिए पार्लर में तैयार होने आई थी युवती, फिल्मी अंदाज में हुआ ऐसा कि मच गया हंगामा
अपनी शादी के लिए तैयार होने ब्यूटी पार्लर आई एक युवती का कुछ बदमाशों ने अपहरण कर लिया। बाद में पुलिस ने करीब छह घंटे बाद युवती को मुक्त करा लिया।
श्री मुक्तसर साहिब, जेएनएन। फाजिल्का के गांव चक पालीवाला की 20 वर्षीय लड़की का उसकी शादी के दिन शुक्रवार को सात बदमाशों ने मुक्तसर साहिब से फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया। लड़की ब्यूटी पार्लर में शादी के लिए तैयार होने आई थी। पुलिस ने करीब साढ़े छह घंटे बाद युवतीे को बदमाशों के चंगुल से मुक्त करा लिया। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने साढ़े छह घंटे में लड़की को बरामद कर दो आरोपितों को किया गिरफ्तार
एसएसपी मनजीत सिंह ढेसी ने बताया कि पांच टीमों ने फिरोजपुर कैंट के पास से दोपहर साढ़े 12 बजे लड़की को बरामद कर लिया। पुलिस ने दो आरोपितों मुक्तसर के कोटकपूरा रोड निवासी बलजीत सिंह उर्फ बब्बू व हरप्रीत सिंह उर्फ हरमन को गिरफ्तार कर लिया। फाजिल्का के बन्नांवाली निवासी तलविंदर सिंह उर्फ धिंदा व पांका निवासी यादविंदर सिंह उर्फ यादू सहित पांच आरोतपतों की तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी में कैद घटना की तस्वीर।
श्री मुक्तसर साहिब में हथियारों के बल पर सात युवकों ने दिया वारदात को अंजाम
लड़की की मुक्तसर के गांव सुखना निवासी युवक से 25 जनवरी को शादी थी। यह शादी मुक्तसर के स्प्रिंग विला पैलेस में होनी थी। सुबह छह बजे लड़की को उसका भाई ब्यूटी पार्लर में छोड़कर गया था। साथ में उसकी मौसी की लड़की थी। जैसे ही उसका भाई वहां से गया तो सवा छह बजे दो कारों में सवार सात हथियारबंद युवक आए। तीन युवक ब्यूटी पार्लर में घुस गए तथा चार कारों के पास खड़े रहे। वे लड़की को पार्लर के अंदर से घसीटकर ले जाने लगे।
सीसीटीवी में कैद घटना की तस्वीर।
इस दौरान लड़की और वहां मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया। इस पर बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें डरा दिया। घटना ब्यूटी पार्लर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पार्लर वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना सिटी प्रभारी अशोक कुमार, डीएसपी डी जसमीत सिंह, एसपीडी रणबीर ङ्क्षसह समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
भाई को दी थी बहन को उठाकर ले जाने की धमकी
पुलिस के अनुसार तलविंदर सिंह उर्फ धिंदा लंबे समय से लड़की को परेशान कर रहा था। यह भी बताया जा रहा है कि आरोपित लड़का व लड़की दोनों एक साथ स्कूल में पढ़ते थे। अब आरोपित मंडी रोड़ांवाली में 12वीं कक्षा में पढ़ रहा है। वहीं लड़की अभी आईलेट्स कर रही है। सूत्रों के अनुसार बीते वीरवार को भी लड़के ने लड़की के भाई को फोन पर धमकी दी थी कि वह उसकी बहन को उठाकर ले जाएगा।
दूल्हे के पिता ने कहा-साडा काहदा ब्याह
दूल्हे के पिता का कहना था कि साडा काहदा ब्याह रह गया। उनके कमरे तो मिठाई से भरे पड़े हैं। लाइटिंग उतरवा दी है, रिश्तेदारों को वापस भेज दिया है। उन्होंने तो अपनी ओर से पहले जांच पड़ताल की थी, लेकिन किसी ने कुछ बताया ही नहीं। फिर भी अच्छा हुआ, जो कुछ होना था पहले हो गया। यदि बाद में होता तो और भी मुश्किल हो जाती।