गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब के लंगर हाल में गुंडागर्दी
धार्मिक स्थान जहां पर लोग सुख शांति के लिए आते हैं पर वीरवार की सुबह उसी गुरुद्वारा साहिब के लंगर हाल में जमकर गुंडागर्दी हुई।
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब : धार्मिक स्थान जहां पर लोग सुख शांति के लिए आते हैं पर वीरवार की सुबह उसी गुरुद्वारा साहिब के लंगर हाल में जमकर गुंडागर्दी हुई। जहां पर लड़ रहे लोगों को छुड़वाने के लिए आए एक अमृतधारी व्यक्ति की पगड़ी उतारने के साथ उसकी दाड़ी भी नोच डाली। जबकि दूसरे पक्ष में महिला ने छेड़छाड़ व गलत शब्दावली का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव सदरवाला निवासी बिक्कर सिंह ने बताया कि वह रोजाना छह वर्ष से गुरुद्वारा साहिब में सेवा करने के लिए आता है। वीरवार सुबह वह सेवा कर रहा था। इस दौरान वहां मौजूद नछतर सिंह का तीन लोगों के साथ झगड़ा हो गया। जोकि गुरुद्वारा साहिब में ही गाली-गलौज करने लगे और बात हाथापाई तक पहुंच गए। जिस पर उसने दोनों पक्षों को छुड़वाने की कोशिश की और कहा कि यदि कोई बात है तो बाहर जाकर कर लें। इस बात को लेकर राजू व उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने मेरी दाड़ी नोच डाली और पगड़ी भी उतार दी। लोगों ने बीच बचाव करते हुए उन्हें छुड़वा दिया।
वहीं, दूसरी ओर राजू का कहन है कि वह तो लंगर हाल में सेवा कर रहे थे। वहीं, नछतर सिंह व बिक्कर सिंह एक अनुसूचित जाति की महिला को बुरा भला कह रहे थे, जो वहां खड़ी होकर रो रही थी। जब उन्होंने उससे पूछा तो उसने बताया कि बिक्कर व नछतर उसे जातिसूचक शब्द बोलते हैं और परेशान करते हैं। यहां तक कि उसे गलत नजर से भी देखते हैं। राजू के अनुसार उन्होंने बिक्कर व नछतर सिंह को ऐसा न करने को कहा तो वह उनके साथ उलझ पड़े और हाथापाई शुरू कर दी।
उधर, थाना सिटी प्रभारी अशोक कुमार का कहना है कि दोनों ओर से शिकायत आई है। वह मामले की जांच कर रहे हैं। अब तक की जांच में यह आया है कि उसकी पगड़ी नहीं उतरी है। हाथापाई जरूर हुई है। इसकी जांच करने के बाद बनती कार्रवाई कर दी जाएगी।