विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दीप दान के साथ कार्तिक महोत्सव संपन्न

By JagranEdited By:
Published: Fri, 19 Nov 2021 04:01 PM (IST)Updated: Fri, 19 Nov 2021 04:03 PM (IST)

श्री कल्याण कमल आश्रम हरिद्वार के अनंत श्री विभूषित 100

दीप दान के साथ कार्तिक महोत्सव संपन्न
दीप दान के साथ कार्तिक महोत्सव संपन्न

जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब : श्री कल्याण कमल आश्रम हरिद्वार के अनंत श्री विभूषित 1008 महामंडलेश्वर स्वामी कमलानंद गिरि जी महाराज की अध्यक्षता में श्री राम भवन मुक्तसर में चल रहा वार्षिक कार्तिक महोत्सव संपन्न हो गया। समापन समारोह में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर जीवन सफल बनाया। इस दौरान मंदिर प्रांगण सद्गुरु देव महाराज के जयकारों से गूंज उठा। स्वामी कमलानंद गिरि जी महाराज के नेतृत्व में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शुक्रवार को जलालाबाद रोड स्थित रजबाहे में दीप दान किए। दीप दान के दौरान जगमगाते दीपों की रौशनी से नहा उठे रजबाहे को देखकर हरिद्वार स्थित मां गंगा जी की आरती के मौके पर नजर आने वाला नजारा दिखाई देने लगा था। आसमान मां गंगा व यमुना जी के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु सुबह सवा पांच बजे टिब्बी साहिब रोड स्थित श्री राम भवन से प्रभातफेरी के रूप में स्वामी कमलानंद जी के नेतृत्व में जलालाबाद रोड रजबाहे पर पहुंचे। स्वामी जी के साथ उनके शिष्य स्वामी गिरिशानंद जी महाराज एवं स्वामी सुशांतानंद जी महाराज भी प्रभातफेरी में शामिल थे। इस दौरान विभिन्न जगह श्रद्धालुओं द्वारा संतों-महापुरुषों का तिलक-पूजन कर भव्य अभिनंदन किया गया। श्रद्धालु हरि नाम संकीर्तन करते हुए चल रहे थे। रजबाहे पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर रजबाहे में प्रवाहित किए। दीप दान के लिए उत्साहित महिलाएं घरों से अपनी श्रद्धा अनुसार सुंदर व मनमोहक नावें बनाकर लाई थीं। जिनमें दीप प्रज्वलित कर प्रवाहित किए गए। श्रद्धालुओं ने स्वामी जी के हाथ स्पर्श करवा अपने दीप प्रवाहित करवाए। दीप दान के बाद प्रभातफेरी टिब्बी साहिब रोड से वापस श्री राम भवन पहुंचकर संपन्न हुई। इस मौके पर हवन यज्ञ भी हुआ जिसमें श्रद्धालुओं ने विधिवत ढंग से आहुतियां डालीं। प्रभातफेरी दौरान युवा पटाखे व आतिशबाजी करते नजर आ रहे थे। स्वामी जी ने दी श्रद्धालुओं को कार्तिक पूर्णिमा की शुभकामनाएं

दीप दान के उपरांत कार्तिक महोत्सव के समापन समारोह में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने कार्तिक महात्म्य ग्रंथ पर रुमाले चढ़ाए। स्वामी कमलानंद जी ने श्रद्धालुओं को कार्तिक पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्तिक माह में श्रद्धालुओं ने जितने भी पुण्य-कर्म किए हैं, उन्हें उनका अनंत गुणा फल मिलेगा। इस दौरान श्रद्धालु भजनों की गंगा में डुबकियां लगाते नजर आ रहे थे। कार्यक्रम उपरांत अनेकों तरह का प्रसाद वितरित किया गया। आज राम भवन में होगा मां चितपूर्णी चालीसा पाठ

जय मां चितपूर्णी लाइट एंड साउंड सेवा ट्रस्ट की ओर से श्री राम भवन में 20 नवंबर को रात आठ बजे से सवा नौ बजे तक मां चितपूर्णी चालीसा पाठ होंगे। इस दौरान जहां स्वामी कमलानंद जी महाराज मां चितपूर्णी जी की महिमा सुनाएंगे। वहीं श्रद्धालुओं द्वारा महाराज जी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना को लेकर पांच मां चितपूर्णी चालीसा पाठ किए जाएंगे। पाठों से पूर्व कन्या पूजन होगा। कल मनाया जाएगा स्वामी का जन्मोत्सव

स्वामी कमलानंद जी महाराज का जन्म महोत्सव श्री राम भवन में कल 21 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसमें सुबह आठ बजे से श्रद्धालु अपने गुरु महाराज स्वामी कमलानंद जी का पूजन करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं भेंट करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।