मलोट हलके को 20 साल बाद मिला मंत्रीमंडल में प्रतिनिधित्व
श्री मुक्तसर साहिब राज्य का एक ऐसा जिला है जहां से न केवल मंत्री बल्कि मुख्यमंत्री भी बना है।
सुभाष चंद्र, श्री मुक्तसर साहिब
श्री मुक्तसर साहिब राज्य का एक ऐसा जिला है, जहां से न केवल मंत्री बल्कि राज्य को मुख्यमंत्री भी मिले हैं। जिले के गिद्दड़बाहा और लंबी हलके से विधायक बनते रहे प्रकाश सिंह बादल पांच बार राज्य के मुख्यमंत्री बन चुके हैं। मुक्तसर से विधायक बने हरचरण सिंह बराड़ भी 1995 में राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। मुक्तसर के ही गांव बादल के निवासी सुखबीर सिंह बादल डिप्टी मुख्यमंत्री रह चुके हैं। कांग्रेस सरकार के दौरान गिद्दड़बाहा विधानसभा हलके के विधायक अमरिदर सिंह राजा वड़िग प्रदेश के परिवहन मंत्री रह चुके हैं। मलोट आरक्षित विधानसभा हलके को 20 सालों के बाद राज्य के मंत्रीमंडल में प्रतिनिधित्व मिला है। जिसमें यहां से विधायक चुनी गई डा. बलजीत कौर को मंत्री बनाया गया है। कांग्रेस सरकार के दौरान मलोट हलके के विधायक अजायब सिंह भट्टी को विधानसभा का डिप्टी स्पीकर भी बनाया गया था।
एक मंत्री के तौर हलके को अब 20 वर्षों के बाद प्रतिनिधित्व मिला है। डा. बलजीत कौर से पहले मलोट हलके से स्वर्गीय सुजान सिंह मंत्री रह चुके हैं। सुजान सिंह वर्ष 1997 में अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री थे। लेकिन वर्ष 2002 के चुनाव के दौरान अचानक उनका निधन हो गया था। अब 20 सालों के बाद डा. बलजीत कौर के रूप में मलोट हलके को फिर से प्रतिनिधित्व मिलने से क्षेत्र के आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और उन्हें वोट देकर विजयी बनाने वाले लोगों में बेहद खुशी का आलम है।
आम आदमी पार्टी के शहरी प्रधान राजीव उप्पल ने कहा कि डा. बलजीत कौर को मंत्री बनाए जाने से न केवल उन्हें, बल्कि तमाम वर्करों में ही बेहद खुशी का आलम हैं। डा. बलजीत कौर पढ़ी-लिखी होने के साथ बहुत ही ईमानदार व विनम्र स्वभाव की इंसान हैं। उनकी अगुवाई में क्षेत्र का विकास होगा। हलका अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। जिससे निजात मिलने की पूरी आशा है।