क्लीनिक की संचालिका से मांगी 50 लाख की रंगदारी
श्री दरबार साहिब के नाका नंबर चार पर स्थित एक क्लीनिक चलाने वाली महिला से रंगदारी मांगी।
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब : श्री दरबार साहिब के नाका नंबर चार पर स्थित एक क्लीनिक की संचालिका परमजीत कौर से अज्ञात लोगों ने 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। दीपावली के मौके पर मांगी गई इस फिरौती की जहां शहर के लोगों में चर्चा हो रही है, वहीं व्यापारी वर्ग में भय का माहौल भी उत्पन्न हो गया है। यह फिरौती फोन करके मांगी गई है। फोन के नंबर दुबई के हैं। फोन पर फिरौती मांगने वाले अज्ञात लोग पंजाबी भाषा में बात कर रहे थे। पुलिस ने थाना सिटी में अज्ञात लोगों के खिलाफ फिरौती मांगने का केस दर्ज करके पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों को जल्द ही फिरौती मांगने वालों को ट्रेस कर लेने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारी तमाम तकनीकी पहलुओं पर काम कर रहे हैं। परमजीत कौर को बीती 12 अक्टूबर की रात को 10.22 बजे काल आई कि उन्हें 50 लाख रुपये दिए जाएं, अन्यथा उनके बच्चों को मार दिया जाएगा। इसके बाद भी उन्हें काल आती रही। परमजीत को तीन अलग-अलग नंबरों से काल आई। जिसके बाद उन्होंने इस बारे में पुलिस अधिकारियों को बताया। पुलिस ने मामला ध्यान में आते ही इस पर काम करना शुरू कर दिया। एसपी (डी) राजपाल सिंह हुंदल ने बताया कि बीच-बीच में एक-दो दिन छोड़कर दो-तीन बार काल आई है। पुलिस इस मामले की गंभीरता के साथ जांच कर रही है। जिन नंबरों से काल आई है, वह दुबई के नंबर हैं। लेकिन फोन करने वाले लोग पंजाबी में बोल रहे थे। फोन करने वाले लोगों की संख्या एक या दो भी हो सकती है। हालांकि फिरौती मांगने वाले लोग 50 लाख से पांच लाख रुपये पर आ गए हैं। आरोपितों ने यह भी कहना शुरू कर दिया है कि हमने जिसे यह पैसे देने हैं उसे बहुत जरूरत है। पैसे आपको वापस भी कर दिए जाएंगे। एसपी (डी) ने कहा कि पुलिस सभी तकनीकी पहलुओं पर काम कर रही है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि यह मामला जल्दी ही क्लीयर कर लिया जाएगा। उधर, एसएसपी सरबजीत सिंह ने भी कहा कि नंबर ट्रेस कर लिए गए हैं, जोकि दुबई के हैं। उन्हें आशा है कि आरोपितों का जल्दी ही पता चल जाएगा।