सुखबीर बादल ने कहा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हर कौम की दुश्मन
शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सिख सहित सभी कौम की दुश्मन हैं।
गिद्दड़बाहा, (श्री मुक्तसर साहिब), जेएनएन। पूर्व उप मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जनविराेधी हैं। ये दाेनों पार्टियां सिख सहित सभी कौम के लाेगों की दुश्मन हैं। ये अपने राजनीतिक फायदे के लिए जाति व धर्म के नाम पर लोगाें को गुमराह करती हैं।
शिअद अध्यक्ष ने वर्करों संग बैठक कर पार्टी की मजबूती पर चर्चा की
उन्होंने यहां गिद्दड़बाहा व मलोट में शिअद नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मुश्किलें सुनीं और कहा कि अकाली दल के वर्करों पर झूठे पर्चों का हिसाब-किताब शिअद सरकार आने पर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आप नेता फूलका के इस्तीफे के बाद आम आदमी पार्टी का चेहरा बेनकाब हुआ है। इससे आप की पोल खुल गई है। कांग्रेस व आप दोनों ही सिखों सहित सभी कौम की दुश्मन हैं।
उन्हाेंने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने शिअद वर्करों व नेताओं से धक्केशाही की है। पंचायत चुनाव में सरपंचों को फायदा नहीं होने वाला है, क्योंकि कांग्रेस सरकार इनके लिए फंड ही जारी नहीं करेगी। उन्होंने नेताओं व वर्करों को कहा कि माघी मेला की कांफ्रेंस में ऐसे लोगों को लेकर आएं जो टिककर बैठ सकें। भले कम ही लोग आएं।
21 पर्चा दर्ज होने वाले का नाम होगा गृह मंत्री पद के लिए पेश
सुखबीर ने शिअद नेताओं व वर्करों पर दर्ज पर्चों के शिकायत पर मजाकिया लहजे में कहा कि जिस पर जितने पर्चे दर्ज होंगे, उसकी पार्टी में उतनी ही कद्र होगी। 21 पर्चे जिस पर दर्ज होंगे, उसका नाम गृह मंत्री के लिए पेश किया जाएगा। लोग बार-बार वहां हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों को हलका इंचार्ज कह रहे थे। इस पर सुखबीर बादल बोले, 'इंचार्ज छड्डो डिंपी नूं तां झंडे आला मंत्री बना देणा।' इसके बाद ठहाकों का दौर शुरू हो गया।