नशे से 24 वर्षीय एक और युवक की मौत, दूसरा सिविल अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
। नशे ने शहर में एक और युवक की जान ले ली वहीं दूसरे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राजकुमार राजू.मोगा
नशे ने शहर में एक और युवक की जान ले ली, वहीं दूसरे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रीत नगर में 24 वर्षीय राजकुमार ने रविवार दोपहर को नशे का टीका लगाया था, इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिवार के सदस्य उसे सिविल अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे फरीदकोट मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
उधर, गांव बुग्गीपुरा में एक अन्य 25 वर्षीय युवक सतनाम सिंह की नशे के सेवन के बाद हालत बिगड़ गई। उसे मथुरादास सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रीतनगर में नशे से युवक की मौत के मामले में नशा सप्लाई करने के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य लोग फरार हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। केस.1
नशे से जान गंवाने वाले प्रीत नगर निवासी राजकुमार पुत्र मलकीत सिंह की मां परमजीत कौर ने कहा कि उसके बेटे ने रविवार को नशे का टीका लगाया तो उसकी हालत बिगड़ गई थी। थाना सिटी साउथ पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मृतक युवक की मां परमजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदेश को नशा मुक्त करने का दावा किया था, लेकिन नशा तो खत्म ही नहीं हो रहा। कोई मां अपने बेटे को खो रही है, कोई पत्नी अपने पति को खो रही है। नशा बढ़ रहा है, कम नहीं हो रहा। जूस बेचकर परिवार का पेट पालता था
मृतक राज कुमार का पिता मलकीत सिंह रिक्शा चलाता है। उसके तीन बेटे एक बेटी है। एक बेटे व एक बेटी की शादी हो चुकी है। शादी के बाद बड़ा बेटा अलग रहता है। एक बेटा मंदबुद्धि है। राज कुमार सबसे छोटा था। वह गन्ने का रस बेचकर परिवार का गुजारा करता था। सही मायने में वही परिवार की उम्मीद था, लेकिन नशे ने उसे भी लील लिया। केस नंबर -2
गांव बुगीपुरा निवासी 25 वर्षीय युवक सतनाम सिंह की नशा का सेवन करने के बाद अचानक हालत बिगड़ गई। माता-पिता ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल युवक की हालत स्थिर बनी हुई है। इमरजेंसी में सतनाम सिंह को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल प्रशासन ने सूचना पुलिस को दे दी है। सतनाम सिंह मां छिदर कौर ने बताया कि सतनाम उसका इकलौता बेटा है। पति भीम नगर कैंप स्थित स्कूल में श्रमिक है। बेटा सरिये से लेंटर डालने के लिए जाल बिछाने का काम करता है। चार वर्ष से गांव बुगीपुरा में नशे का धंधा करने वालों के संपर्क में आ गया था। तब से वह नशा कर रहा है।