संत कबीर ने दिया कुरीतियों दूर करने का संदेश : सुनील खन्ना
मोगा स्थानीय इंदिरा कॉलोनी में पंजाब प्रदेश धानक समाज व सतगुरु कबीर वेलफेयर सोसायटी की ओर से संत कबीर का जन्मदिवस कोविड-19 लॉकडाउन के चलते सादगी के साथ मनाया गया।
संवाद सहयोगी, मोगा
स्थानीय इंदिरा कॉलोनी में पंजाब प्रदेश धानक समाज व सतगुरु कबीर वेलफेयर सोसायटी की ओर से संत कबीर का जन्मदिवस कोविड-19 लॉकडाउन के चलते सादगी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डीएसपी (सिटी) बरजिदर सिंह भुल्लर ने कबीर साहिब की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए।
सतगुरु कबीर वेलफेयर सोसायटी के चेयरमैन सुनील खन्ना ने कहा कि संत कबीर भारतीय कवि और संत थे। उन्होंने अपनी रचनाओं से समाज में फैली कुरीतियों, अंधविश्वास व सामाजिक बुराइयों को दूर करने का संदेश दिया। अपनी कविताओं से समाज को ज्ञान का मार्ग दिखाते हुए गुरु महत्व को सर्वोपरि बताया।
भारत में लॉकडाउन के दौरान संत कबीरदास जी की 622वीं जयंती मनाई गई। सोसायटी द्वारा प्रत्येक वर्ष भारी उत्साह के साथ संत कबीर जी की जयंती पर समागम किया जाता था। मगर, इस बार कोविड-19 के चलते सरकारी आदेश का पालन करते हुए यह समारोह सादगी से करवाया गया है। संत कबीर दास ने अपना संपूर्ण जीवन समाज सुधार में लगा दिया। हमें उनकी रचनाओं को अपने जीवन मे धारण करके उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए।
इस अवसर पर डीएसपी बरजिदर सिंह भुल्लर को संत कबीर का स्वरूप देकर सम्मानित किया गया। डीएसपी भुल्लर ने कहा कि समाज में फैली इस वैश्विक महामारी की रोकथाम के लिए जरूरी है कि हम सरकार के आदेश का पालन करते हुए अपना तथा अपने परिवार का बचाव करें। इस अवसर पर रूपचंद नागर, दविदर नागर, राजकुमार, काला, पप्पू भवनिया, शिव भवनिया, मोहन लाल नागर, मंगत इंदौरा, खेमचंद बनवारी लाल, अर्जुन कुमार, अशोक सफरी, सोनू सचदेवा, मनदीप कौर, सुरिदर पाल काला, पंडित सुरेंद्र शर्मा, परमजीत पाल, कैलाश चंद, जनेश गर्ग, इंद्रजीत आदि उपस्थित थे।