यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
श्री कृष्ण गोधाम को जाने वाली सड़क पर लगाई घटिया किस्म की ईटें
। मेहरों रोड स्थित श्री कृष्ण गोधाम को जाने वाली खस्ताहाल सड़क को नया रूप देने के लिए निगम ने ...और पढ़ें

राज कुमार राजू,मोगा
मेहरों रोड स्थित श्री कृष्ण गोधाम को जाने वाली खस्ताहाल सड़क को नया रूप देने के लिए निगम ने प्रस्ताव पारित कर ईटों से नई सड़क बनाने की मंजूरी दी थी, लेकिन ठेकेदार द्वारा घटिया किस्म की ईटे लगाकर काम चलाया जा रहा है। इसे लेकर गोशाला के प्रबंधकों ने रोष जताया है।
बता दें कि विधायक डा. हरजोत कमल द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शहर में विकास कार्य करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है, लेकिन निगम के उच्चाधिकारियों के अनुभव की कमी के चलते विकास कार्यो में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। स्थानीय मेहरों रोड पर श्री कृष्ण गोधाम को जाती सड़क के निर्माण में पिल्ली ईटें लगाई जा रही हैं। मामला निगम मेयर के ध्यान में लाए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई अब तक नहीं की गई है।
ये सड़क तो 12 माह भी नहीं चल पाएगी
श्री कृष्ण गोधाम के प्रधान एडवोकेट विनय कश्यप व सचिव डा.प्रेम शर्मा ने बताया कि लगभग 12 वर्ष पहले गोधाम को जाती सड़क ट्रैफिक के दबाव के चलते जर्जर हो गई थी। यह मामला विधायक द्वारा गोधाम का दौरा करने पर उनके ध्यान में लाया गया था। विधायक ने निगम से प्रस्ताव पारित कर लगभग 15 लाख की लागत से सड़क बनाने के काम को मंजूरी दिलाई थी, लेकिन जिस प्रकार से ठेकेदार द्वारा पिल्ली ईंट से सड़क निर्माण किया जा रहा है, उससे लगता है कि जो सड़क पहले 12 साल तक काम में आई, वे अब 12 महीने भी नहीं चल पाएगी। तीसरे दिन ही सड़क टूट खस्ता हाल होना शुरू हो गई है । विजिलेंस ब्यूरो के ध्यान में लाएंगे मामला
किसान यूनियन नेता बलविदर सिंह, बलवीर सिंह, बिदर सिंह व कुलदीप सिंह ने कहा कि अगर ठेकेदार ने पिल्ली ईटों को बदल अच्छी ईटों से सड़क का निर्माण नहीं किया तो मामला विजिलेंस ब्यूरो के ध्यान में लाया जाएगा ताकि निगम के फंड का दुरुपयोग रोकने के साथ लोक हित से हो रहे खिलवाड़ को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि निगम के एसई रंजीत सिंह के ध्यान में मंगलवार को मामला लाया गया है।
उधर, जेई सागर गर्ग का कहना है कि ठेकेदार को सड़क निर्माण में कोई अनियमितता नहीं बरतने देंगे। उनका कहना था कि गोधाम को जाने वाली सड़क पर बेहतर क्वालिटी की ही ईटों का प्रयोग किया जाएगा।
ठेकेदार को नए सिरे से सड़क बनाने को कहा है
इस संबंध में वार्ड नंबर 30 के पार्षद बूटा सिंह ने बताया कि मामला उनके ध्यान में आने के बाद वह तुंरत मौके पर जायजा लेने गए थे। उन्होंने ठेकेदार को तुरंत काम बंद करने के साथ गुणवत्ता वाली ईटों का इस्तेमाल कर नए सिरे से सड़क बनाने के लिए कहा है। पार्षद ने कहा कि सड़क निर्माण में घटिया किस्म की ईटों का प्रयोग किया गया है। ये अनियमितता सहन नहीं की जाएगी।
