पुलिसकर्मी ने सास, पत्नी और साले सहित चार को मार डाला, राइफल से की ताबड़तोड़ फायरिंग
पंजाब के मोगा में एक पुलिसकर्मी ने ससुराल पहुंचकर पत्नी सास साले और साले की पत्नी को गोलियों से भून डाला। घटना में साले की 10 साल की बेटी भी घायल हो गई।
मोगा, जेएनएन। जिले के के गांव सैदपुर जलाल में रविवार सुबह सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। पंजाब पुलिस के एक जवान ने अपनी सुसराल में पत्नी सहित चार रिश्तेदारों की हत्या कर दी। उसने अपनी सास, पत्नी, साले और सालेहार (साले की पत्नी) को गोली मार दी। इससे चारों की मौत हो गई। साले की बेटी भी घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई। पत्नी, साले और सालेहर की मौके पर ही मौत हो गई। सास ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पुलिस कांस्टेबल कुलविंदर सिंह ससुराल पहुंचा और सरकारी राइफल से ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। उसने अपनी पत्नी, सास, साले और सालेहर पर अंधाधुंध फायरिेंग कर दी। इससे पत्नी, साले और सालेहर की मौके पर ही मौत हो गई और सास गंभीर रूप से जख्मी हो गई। बाद में सास की मोगा के सिविल अस्पताल में मौत हो गई।
बताया जाता है कि कांस्टेबल कुलविंदर सिंह धर्मकोट थाना में कार्यरत है। उसका पत्नी और ससुराल वालों से विवाद चल रहा था। वह वह सुबह अपने सरकारी एके-47 के साथ ससुराल पहुंचा और आते ही सास, पत्नी, साली और सालेहर पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि कल देर शाम उसका पत्नी और ससुराल वालों से झगड़ा हुआ था। पुलिसकर्मी को उस समय थाना धर्मकोट पुलिस साथ ले गई थी। रविवार को मौका पाते ही सुबह वह ससुराल पहुंचा।
आरोपित कुलविंदर सिंह।
जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल कुलविंदर सिंह ने ससुराल पहुंचते ही सरकारी एके47 राइफल निकाल ली और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इससे पत्नी राजविंदर कौर, साला जसकरण सिंह और साले की पत्नी इंद्रजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। सास को गंभीर अवस्था में मोगा के सिविल अस्पताल में लाया गया था। वहां उपचार के दौरान 65 वर्षीय सास सुखविंदर कौर की मौत हो गई।
कांस्टेबल कुलविंदर सिंह पर मौत का जुनून इस कदर सवार था कि उसने ससुराल में जो भी सामने आया उस पर फायरिंग कर दी। उसे साले जसकरण सिंह की 10 साल की बच्ची जश्नप्रीत कौर पर भी रहम नहीं आया उस पर गोली चला दी। बच्ची का मथुरादास सिविल अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
बताया जाता है कि कुलविंदर सिंह का अपनी पत्नी राजविंदर कौर के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। झगड़े के बाद पत्नी अपने मायके चली जाती थी। इस बात को लेकर कुलविंदर सिंह मायके पक्ष के लोगों से भी बेहद खफा था। बीती रात को उसका ससुराली जनों के साथ झगड़ा हुआ था। उस समय परिजनों की सूचना पर थाना धर्मकोट पुलिस उसे वहां से थाने ले गई थी।