डीजे बंद करने पर घर में घुसकर संचालक को उतारा मौत के घाट
बाघापुराना कस्बे के गांव कालेके में एक डीजे संचालक को मंगलवार रात डीजे बंद करना भारी पड़ गया। डीजे बंद करने को लेकर गुस्साए छह युवकों ने बाद में उसके घर में घुसकर उसके सिर में कापा मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद हमलावर आरोपित मौके से फरार हो गए।
संवाद सूत्र, बाघापुराना
कस्बे के गांव कालेके में एक डीजे संचालक को मंगलवार रात डीजे बंद करना भारी पड़ गया। डीजे बंद करने को लेकर गुस्साए छह युवकों ने बाद में उसके घर में घुसकर उसके सिर में कापा मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद हमलावर आरोपित मौके से फरार हो गए। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोगा सिविल अस्पताल भेजा है। इस मामले में पुलिस ने सभी छह आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल, आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इस बारे में एसएचओ हरमनजीत सिंह ने बताया कि इस बारे में मृतक अवतार सिंह पुत्र हरनेक सिंह के भाई जगसीर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है। उसने बताया है कि उसका भाई अवतार सिंह डीजे बजाने का काम करता है। अवतार सिंह 15 सितंबर की रात्रि को शिकायतकर्ता के बेटे गुरसेवक सिंह, गुरसेवक के साले गुरप्रीत सिंह व साढू विक्की अवतार सिंह के साथ गांव में रूप सिंह के घर पर लड़की की शादी में डीजे की बुकिग पर गए हुए थे। इस दौरान जब पार्टी चल रही थी तो समय अधिक होने के कारण शिकायतकर्ता के बेटे गुरसेवक ने डीजे बंद करवा दिया। इसके चलते वहां मौजूद युवकों के साथ गाना बजाने को लेकर बहसबाजी हो गई, लेकिन उन्होंने समय अधिक होने के कारण डीजे बजाने से मना कर दिया। उस समय किसी तरह इस मामले को शांत किया गया।
मगर, इसके आधे घंटे बाद रात्रि लगभग 10 बजे गुरविदर सिंह पुत्र कर्मजीत सिंह, दविदर सिंह पुत्र अवतार सिंह, सिमरजीत सिंह पुत्र जसमेल सिंह, गिदी पुत्र जगसीर सिंह, सुखजिदर सिंह पुत्र परमजीत सिंह व गांव लंगेआना नवां निवासी अमनदीप सिंह पुत्र हरचंद सिंह शिकायतकर्ता के घर में घुस गए और गाली-गलौच करने सहित परिवारिक सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान अवतार सिंह पर कापे के साथ आरोपितों ने जमकर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। जिसके कारण अवतार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद जब घायल अवतार सिंह को अस्पताल ले जा रहे थे, तो उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि अवतार सिंह की मौत होने के बाद इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया।
उधर, इस बारे में पुलिस ने बताया है कि तीन डॉक्टरों के गठित बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। जांच अधिकारी ने बताया है कि पुलिस ने आरोपितों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी है। इसके लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, सभी छह आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया है।