महिला की हत्या, पुलिस ने बेटे को हिरासत में लिया
। गांव लोपो की रहने वाली एक महिला का करीब 12 किलोमीटर दूर गांव लोहारा में रहस्यमय हालात में शव पड़ा मिला।
जागरण संवाददाता.मोगा
गांव लोपो की रहने वाली एक महिला का करीब 12 किलोमीटर दूर गांव लोहारा में रहस्यमय हालात में शव पड़ा मिला। महिला शुक्रवार रात को टहलने के लिए गई थी, बाद में वह सीसीटीवी कैमरे में घर वापस आती नजर आ रही है, लेकिन महिला के बेटे के अनुसार उसकी मां सैर करके लौटी ही नहीं। उधर, पड़ोसियों ने महिला को वापस रात को घर में घुसते देखा है। महिला के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है, लेकिन मुंह पर नीलापन मिला है, जिससे पुलिस अंदाजा लगा रही है कि उसके मुंह पर प्रहार किया गया है। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गांव लोपो निवासी बलविंदर कौर नामक महिला शुक्रवार की रात को खाना खाने के बाद घर से बाहर टहलने के लिए निकली थी। महिला के पति जसवंत सिंह की मौत हो चुकी है, वह अपने 32 वर्षीय बेटे सुक्खा के साथ घर में अकेली ही रहती थी।
रात को करीब 10 बजे महिला के बेटे सुक्खा ने पड़ोसियों को बताया कि उसकी मां टहलने गई थी, लेकिन घर वापस नहीं पहुंची है, वह रात में अपनी मां की तलाश करता रहा। हालांकि पुलिस जांच में महिला के पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने रात को करीब 9.20 मिनट पर महिला को घर वापस अंदर जाते देखा है, एक सीसीटीवी कैमरे में भी महिला घर जाती दिख रही है, लेकिन बेटा रात 10 बजे तक मां की तलाश करता रहा। सुबह गांव लोपो से 12-13 किलोमीटर दूर गांव लोहारा में महिला का शव पड़ा मिला। उसके मुंह पर नीले निशान बने हुए थे। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए थाना बधनीकलां में हत्या का अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सूचना मिलने के बाद एसपी अफरोज आलम ने इस मामले में पुलिस की टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस महिला के बेटे को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, लेकिन देर शाम तक अभी कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है : एसपी
एसपी अफरोज आलम का कहना है कि पुलिस इस मामले में हत्या से संबंधित हर एंगल से जांच कर रही है। महिला बिलासपुर के एक निजी स्कूल में हेल्पर के रूप में काम करती थी। बेटा कोई काम नहीं करता है, वह गांव में ऐसे ही घूमता रहता है। परिवार का खर्चा महिला ही खुद चला रही थी।