यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Punjab News: मोगा में नकली ब्रांड बेचने वाला दुकानदार नामजद, भारी मात्रा में सामान जब्त
मोगा की पुरानी अनाज मंडी में पुरुषोत्तम जनरल स्टोर पर नकली ब्रांडेड उत्पादों की बिक्री का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, मोगा। मोगा की पुरानी अनाज मंडी स्थित पुरुषोत्तम जनरल स्टोर में नकली ब्रांडेड उत्पादों की बिक्री का मामला सामने आया है। सिटी साउथ पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली हारपिक, डिटोल और अन्य सफाई उत्पाद बरामद किए हैं और दुकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे नामजद किया है।
थाना सिटी साउथ के सहायक थानेदार गुरप्रीत सिंह ने बताया कि छापेमारी की कार्रवाई सन्नी आहूजा नामक व्यक्ति की शिकायत पर की गई, जो स्पीड सर्च एंड सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड चंडीगढ़ में फील्ड अफसर है।
सन्नी आहूजा ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी रेकिट बेंकाइज़र द्वारा निर्मित उत्पाद जैसे हारपिक और डिटोल की मार्केट मॉनिटरिंग करती है। उन्हें सूचना मिली थी कि मोगा के पुरुषोत्तम जनरल स्टोर पर इन उत्पादों के नकली संस्करण बेचे जा रहे हैं।
कंपनी द्वारा दुकान से सैंपल लेकर लैब जांच करवाई गई, जहां यह माल नकली पाया गया। इस सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर जनरल स्टोर से बड़ी मात्रा में नकली उत्पाद जब्त किए। इनमें हारपिक के लाल और नीले रंग के कई डिब्बे, ग्रीन, नीले और गुलाबी डिटोल साबुन के सैकड़ों पीस, साथ ही कोलीन और लाइजोल जैसी सफाई सामग्री शामिल थी। पुलिस ने पुरुषोत्तम जनरल स्टोर के मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।
