मोगा डबल मर्डर केस: तीन मुख्य आरोपियों ने अदालत में किया सरेंडर, चार दिन का पुलिस रिमांड; एनकाउंटर का था डर
मोगा डबल मर्डर मामले में तीन मुख्य आरोपियों अरुण कुमार, शमंप्रीत और हरदीप सिंह ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस ने 14 दिन का रिमांड मांगा था।

तीनों आरोपियों ने अदालत में किया सरेंडर। फोटो जागरण
HighLights
मोगा डबल मर्डर के तीन मुख्य आरोपियों का आत्मसमर्पण।
अदालत ने चार दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया।
वकील ने आरोपियों के एनकाउंटर की आशंका जताई।
संवाद सहयोगी, मोगा। मोगा के अंगदपुरा मोहल्ले में 25 अक्टूबर की शाम हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। हत्याकांड में शामिल तीन मुख्य आरोपियों ने मोगा की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर करने वाले आरोपियों की पहचान अरुण कुमार, शमंप्रीत और हरदीप सिंह के रूप में हुई है।
तीनों आरोपियों ने एडवोकेट गुरमेल सिंह भुल्लर के माध्यम से अदालत में पेश होकर सरेंडर किया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के लिए 14 दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन अदालत ने चार दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया है।
गौरतलब है कि 25 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:15 से 7:30 बजे अंगदपुरा मोहल्ले में उस समय दहशत फैल गई थी, जब काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए हमलावरों ने घर के बाहर खड़े युवकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं।
इस हमले में दो चचेरे भाइयों साहिल जिंदल उर्फ लंडी और गगनदीप सिंह की मौत हो गई थी, जबकि सोम नाथ उर्फ गोरा गोली लगने से घायल हो गया था। वारदात के बाद से ही पुलिस की विभिन्न टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं।
साजिश को लेकर होगी पूछताछ
तीनों आरोपियों के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने अदालत में दलील दी कि मामले की गहराई से जांच करने और वारदात से जुड़े अहम सुराग जुटाने के लिए आरोपियों का 14 दिन का पुलिस रिमांड जरूरी है। हालांकि, अदालत ने चार दिन का रिमांड दिया। इस दौरान पुलिस आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों, हमले के पीछे के कारणों, फरार सहयोगियों और हत्याकांड की पूरी साजिश को लेकर पूछताछ कर सकती है।
एनकाउंटर की आशंका जताई
दूसरी ओर, आरोपियों के वकील एडवोकेट गुरमेल सिंह भुल्लर ने अदालत में उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई। बचाव पक्ष ने पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों का एनकाउंटर किए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए अदालत में याचिका दायर की।
वकील ने मांग की कि यदि पुलिस आरोपियों को पूछताछ के लिए किसी अन्य स्थान पर लेकर जाती है तो उनके पैरों में बेड़ियां लगाई जाएं और उन्हें जहां भी ले जाया जाए, पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई जाए। बचाव पक्ष का कहना है कि ऐसा करने से आरोपियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ पुलिस कार्रवाई पर भी निगरानी रखी जा सकेगी।
इस मामले में अब चार दिन के पुलिस रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।