पारा 44 के पार, बाजारों में पसरा सन्नाटा, दो दिन तक रहेगी भीषण गर्मी
लॉकडाउन खुलते ही जैसे ही बाजारों की रौनक लौटने लगी थी लेकिन भीषण गर्मी राहत के दिनों में आफत बनकर सामने आई है पारा तेजी के साथ चढ़ता हुआ 44 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को मंगलवार को पार करते हुए 44.3 डिग्री सेल्सियस पर ठिठक गया। जबकि न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस पर प
सत्येन ओझा, मोगा
लॉकडाउन खुलते ही बाजारों की रौनक लौटने लगी थी, लेकिन भीषण गर्मी राहत के दिनों में आफत बनकर सामने आई है। मंगलवार को पारा तेजी के साथ चढ़ता हुआ 44 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार करते हुए 44.3 डिग्री सेल्सियस पर ठिठक गया। न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने के कारण दिन में जहां हीट वेब का एहसास हो रहा है तो रातें भी गर्मी का एहसास करा रही हैं। मौसम विभाग की मानें तो 28 मई को तेज बारिश व आंधी के बाद तापमान धड़ाम हो सकता है। दोबारा तापमान 33 डिग्री सेल्सियस पर जाकर बड़ा सुकून दे सकता है। फिलहाल दो दिन भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
मंगलवार को शहर में सुबह से ही भीषण गर्मी का एहसास होने लगा था। दोपहर 12 बजे तक पारा 32 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था। दोपहर बाद पारा छलांग लगाते हुए 44.3 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जबकि न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। लगातार बढ़ते तापमान के चलते शहर के प्रमुख बाजारों में लॉकडाउन के कारण छूट के बावजूद दोपहर के समय सन्नाटा पसर गया था। आम लोग ही नहीं, बल्कि पशु पक्षियों तक में बेचैनी देखी गई।
मेन बाजार, प्रताप रोड, रेलवे रोड आदि बाजार इन दिनों शहर के सबसे ज्यादा भीड़भाड़ वाले इलाके हैं, लेकिन यहां पर दोपहर एक बजे के बाद सन्नाटा पसरने लगा था। शाम को चार बजे तक बाजारों में एक बार फिर लॉकडाउन के दिनों की यादें ताजा हो गईं। लोग दुकानों में ग्राहकों का इंतजार करते दिखाई दे रहे थे।
28 के बाद बदलेगा मौसम : डॉ. सुरिंदर
मौसम विभाग के डायरेक्टर डॉ. सुरिदर पाल के अनुसार पारा एक बार फिर अपना रुख बदलेगा। 28 मई के बाद भीषण बारिश के साथ तापमान तेजी से गिरेगा।