कारोबारी ने बेटे के रिवाल्वर से खुद को मारी गोलियां
शहर के बाहरी क्षेत्र चड़िक रोड स्थित बस्ती मोहन सिंह में सुबह लगभग 730 बजे शहर के एक प्रतिष्ठित परिवार से संबंधित पूर्व फाइनांसर व बड़े जमींदार परमिदर पाल पुरी ने खुद को बेटे की रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुरी ने एक के बाद एक दो गोलियां अपनी कनपटी पर मारीं।
जागरण संवाददाता, मोगा : शहर के बाहरी क्षेत्र चड़िक रोड स्थित बस्ती मोहन सिंह में सुबह लगभग 7:30 बजे शहर के एक प्रतिष्ठित परिवार से संबंधित पूर्व फाइनांसर व बड़े जमींदार परमिदर पाल पुरी ने खुद को बेटे की रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुरी ने एक के बाद एक दो गोलियां अपनी कनपटी पर मारीं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। थाना साउथ सिटी के एसएचओ सुरजीत सिंह का कहना है पुरी डिप्रैशन का मरीज था। एक महीने पहले उसने दवा लेना बंद कर दी थी।
जानकारी के अनुसार चड़िक रोड पर बस्ती मोहन सिंह निवासी परमिदर पाल पुरी अपने परिवार के साथ शनिवार रात लगभग 12 बजे लुधियाना स्थित एक शादी समारोह में भाग लेकर वापस घर लौटा था और पत्नी को जन्मदिन की मुबाकबाद दी। आम दिनों की तरह ही सुबह परमिदर पाल पुरी उर्फ टीटू पुरी ने समाचार पत्र पढ़ने के साथ अपनी दिनचर्या शुरू की थी। बाद में परिवार के साथ चाय की चुस्कियां भी लीं थीं। करीबी रिश्ते में शादी के कारण परमिदर पाल पुरी का बेटा पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट चंडीगढ़ में अधिवक्ता चेतन पुरी एवं उनकी बेटियां घर पर ही थीं। वे शाम को अपनी मां का जन्मदिन मनाने की तैयारियों में लगे हुए थे। इसी दौरान बराबर के कमरे से फायरिग की आवाज ने सबको चौंका दिया। चेतन दौड़कर दूसरे कमरे में पहुंचा तो पिता लहूलुहान अवस्था में पड़े हुआ था। परिवार के सभी सदस्य हैरान थे। आखिर हुआ क्या है? रात को सभी हंसी-खुशी से वापस लौटे थे। सबने एक साथ सुबह चाय पी थी। उसके बाद सभी शाम की तैयारियों में जुट गए थे। टीटू पुरी के बेटे चेतन पुरी ने पहले निकट ही एक चिकित्सक को बुलाया, चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया बाद में उन्होंने इस घटना की सूचना थाना साउथ सिटी पुलिस को दी। डीएसपी सिटी परमजीत सिंह व थाना साउथ सिटी पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर मथुरादास सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने 174 की कार्रवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया।