36 घंटे की तलाशी के बाद अमनदीप कौर के घर से लौटी ED की टीम, AAP MLA बोलीं- BJP में शामिल होने का बनाया दबाव
मोगा विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के आवास पर 35 घंटे से अधिक चली ईडी की छापेमारी समाप्त हो गई ...और पढ़ें
-1793891911915_m.webp)
36 घंटे की तलाशी के बाद अमनदीप कौर के घर से लौटी ED की टीम। फोटो जागरण
HighLights
मोगा विधायक के आवास पर 35 घंटे से अधिक ईडी की छापेमारी।
विधायक ने इसे राजनीतिक दबाव और भाजपा का दुरुपयोग बताया।
ईडी ने बच्चों के दस्तावेज और संपत्ति के कागजात भी खंगाले।
राजकुमार राजू, मोगा। मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की 36 घंटे तक चली छापेमारी और जांच के बाद वीरवार को उनके पति राकेश अरोड़ा अपनी कोठी पहुंचे। उनके पहुंचने की सूचना मिलते ही कोठी के बाहर मौजूद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान राकेश अरोड़ा ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनसे बातचीत भी की।
ईडी की टीम ने केवल विधायक के आवास तक ही अपनी कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि उनके निजी अस्पताल, सीटी रोड स्थित फ्लैट और रिश्तेदारों के विभिन्न ठिकानों पर भी जांच की। विधायक के अनुसार, मोगा के अलावा बाघापुराना और फरीदकोट सहित कई स्थानों पर तलाशी ली गई।
कार्रवाई समाप्त होने के बाद डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा मीडिया के सामने आईं और उन्होंने पूरी कार्रवाई को राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश करार दिया। हालांकि, ईडी की ओर से कार्रवाई को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
भाजपा पर लगाया केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
विधायक डॉ. अरोड़ा ने आरोप लगाया कि पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की ओर से 2027 विधानसभा चुनाव के लिए घोषित 40 उम्मीदवारों की पहली सूची में उनका नाम मोगा से शामिल किया गया था। इसके बाद उनके खिलाफ ईडी की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
उन्होंने दावा किया कि पूछताछ के दौरान उन्हें भाजपा में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया और मंत्री पद तक का लालच दिया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें यह भरोसा दिलाने की कोशिश की गई कि भाजपा में आने पर आने वाले समय में उन्हें विधायक के साथ-साथ मंत्री पद भी मिल सकता है। लेकिन उन्होंने किसी भी तरह के प्रस्ताव को स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया।
केजरीवाल और भगवंत मान के सच्चे सिपाही हैं- अरोड़ा
डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि वह अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के सच्चे सिपाही हैं। उन्हें न तो किसी पद का लालच है और न ही कुर्सी की चाहत। आम आदमी पार्टी उनके लिए मां समान है और वह आखिरी सांस तक पार्टी के साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दबाव बनाकर उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
बच्चों की मार्कशीट, डायरियां और पुराने दस्तावेज भी खंगाले
विधायक ने बताया कि ईडी की टीम ने उनके घर के एक-एक कमरे, अलमारियों और अन्य स्थानों की बारीकी से जांच की। तलाशी के दौरान बच्चों की मार्कशीट, ड्राइंग, डायरियां और पुराने शिकायत पत्रों से संबंधित दस्तावेज तक देखे गए।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने पिछले कई वर्षों में मोगा में हुई संपत्तियों की खरीद-फरोख्त और कुछ लोगों के साथ उनके संबंधों को लेकर भी सवाल पूछे। उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया और अधिकारियों के सभी सवालों के जवाब दिए।
डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि करीब 36 से 42 घंटे तक परिवार के सदस्यों और बच्चों को घर के अंदर रहना पड़ा। इससे परिवार को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने और उनके परिवार ने पूरी मजबूती के साथ परिस्थितियों का सामना किया।
समर्थकों का जताया आभार
ईडी की कार्रवाई समाप्त होने के बाद विधायक ने उनके समर्थन में पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में कार्यकर्ताओं ने जिस तरह उनका साथ दिया, उसके लिए वह सभी की आभारी हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यदि जांच एजेंसी उन्हें पूछताछ के लिए बुलाती है तो वह पूरा सहयोग करेंगी। उन्हें किसी जांच से डर नहीं है और न ही वह किसी राजनीतिक दबाव के आगे झुकेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।