बीस साल बाद डीएम कॉलेज ग्राउंड में नहीं होगा दशहरा
डीएम कॉलेज के खेल मैदान में 20 साल बाद दशहरा नहीं मनाया जाएगा। नवीन मंदिर के बैनर तले डीएम कॉलेज की ग्राउंड में पिछले 20 वर्षो से जो दशहरा पर्व मनाया जा रहा था वह इस बार नहीं देखने को मिलेगा।
संवाद सूत्र, मोगा : डीएम कॉलेज के खेल मैदान में 20 साल बाद दशहरा नहीं मनाया जाएगा। नवीन मंदिर के बैनर तले डीएम कॉलेज की ग्राउंड में पिछले 20 वर्षो से जो दशहरा पर्व मनाया जा रहा था वह इस बार नहीं देखने को मिलेगा। कॉलेज की जगह न मिलने से संस्था ने इस आयोजन को बग्गेयाना स्टेडियम में करने का फैसला किया है।
आयोजकों का कहना है कि भले ही उन्हें इस बार यह आयोजन शहर से हटकर करना पड़ रहा है जबकि खर्च भी ज्यादा होंगे लेकिन फिर भी लोगों की प्रभु राम प्रति भावनाओं को मायूस नहीं होने देंगे। नवीन कला मंदिर के चेयरमैन रमेश कुक्कू का कहना है कि उनकी संस्था 59 वर्ष पुरानी संस्था है। इसी संस्था ने पहले राम लीला का आगाज किया था, जो पिछले 20 वर्षो से डीएम कॉलेज की ग्राउंड में दशहरा पर्व मनाती आ रही है। इसी दिन विशाल शोभा यात्रा भी मंडी से आरंभ होकर समागम स्थल पर पहुंचती है। इस बार यह ग्राउंड न मिलने से उन्हें यह पर्व बुक्कनवाला स्टेडियम में करना पड़ रहा है। रमेश कुक्कू ने बताया कि उन्होंने कॉलेज की मैनेजमेंट से यह स्थान देने के लिए काफी प्रयास किया लेकिन मैनेजमेंट ने यह कहकर जवाब दे दिया कि उनकी ग्राउंड अब खेल स्टेडियम का रूप ले चुकी है, जिसमे फुटबाल के पोल भी लगाए जा चुके हैं। बढि़या घास भी लगा है, जो खराब हो जायेगी। रमेश कुक्कू ने बताया कि उन्होंने मैनेजमेंट को यह भी कहा कि इस ग्राउंड से वह 20 वर्षो से जुड़े है। उनका कहना है कि अगर विजय साथी इस ग्राउंड को दिलवाने में अड़ जाते तो आज तो दूसरे स्थान की तलाश को न घूमना पड़ता। लेकिन विजय साथी भी यह कहकर टाल गए कि वह मैनेजमेंट के साथ खड़े है। इसलिए जो उनका फैसला होगा वही सही है। यही कारण है कि हम दशहरा की तैयारियों में लेट हो रहे है। लेकिन अब यह आयोजन बग्गेयाना स्टेडियम में 8 अक्टूबर को मनाया जा रहा है। जिस तहत शोभा यात्रा मंडी से नानक चंद श्री राम की दुकान से रवाना होगी। समागम में एडीजीपी ट्रैफिक डॉ. शरद सत्य चौहान, विधायक डॉ. हरजोत कमल मुख्य अतिथि होंगे। समागम में वालीवुड कलाकार भी दर्शको का मनोरंजन करेंगे।