यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 10, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Punjab Local Body Election: मोगा में शराब बांटने पर भिड़े अकाली-कांग्रेसी, दो लोगों की मौत
Punjab Local Body Election पंजाब में स्थानीय निकाय चुनाव 2021 के दौरान हिंसा की घटनाएं शुरू हो गई हैं। माेगा ...और पढ़ें

मोगा, जेएनएन। Punjab Local Body Election 2021: पंजाब में स्थानीय निकाय चुनाव हिंसक होता जा रहा है। मोगा के कच्चा दोसांझ में मंगलवार रात कांग्रेस और अकाली कार्यकर्ताओं के बीच ¨हसक झड़प हो गई। इस दौरान शिरोमणि अकाली दल के एक कार्यकर्ता व स्थानीय दुकानकार की गाड़ी से कुचलकर मौत हो गई, जबकि एक पत्रकार बाल-बाल बच गया। इस मामले में आरोपित कांग्रेस नेता नरेंद्र पाल सिंह सिद्धू को हिरासत में ले लिया गया है।
मोगा के कच्चा दोसांझ में रात सवा नौ बजे दो गुटों में टकराव
घटना रात करीब 9.15 बजे की है। अकाली कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कच्चा दोसांझ रोड पर वार्ड नंबर नौ की कांग्रेस प्रत्याशी हरविंदर कौर के पति व कांग्रेस नेता नरेंद्र पाल सिंह सिद्धू, उनका बेटा व चार अन्य लोग शराब बांट रहे थे। वे गाडि़यों में हूटर लगाकर घूम रहे थे। स्थानीय दुकानदार बब्बी गिल और इसी वार्ड से अकाली प्रत्याशी कुलविंदर कौर के रिश्तेदार जगदीप सिंह ने इसका विरोध किया। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगदीप सिंह की गाड़ी पर लाठियों से हमला कर दिया।

मोगा के कच्चा दोसांझ में विवाद के बाद मौके पर तैनात पुलिसकर्मी। (जागरण)
पत्रकार ने छलांग लगाकर बचाई जान
मौके पर मौजूद कुछ मीडिया कर्मियों ने घटना को कैमरे में कैद करने की कोशिश की, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भीड़ के बीच तेजी से गाड़ी भगा दी। पुलिस के अनुसार गाड़ी कांग्रेस नेता नरेंद्र पाल सिंह की थी। अकाली कार्यकर्ता जगदीप सिंह और स्थानीय दुकानदार बब्बी गिल गाड़ी की चपेट में आ गए। एक पत्रकार ने तत्काल सड़क किनारे छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल बब्बी गिल व जगदीप सिंह को लोग सिविल अस्पताल लेकर गए, जहां बब्बी गिल को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि जगदीप सिंह ने डीएमसी अस्पताल लुधियाना में दम तोड़ दिया।
अकाली नेता बरजिंदर सिंह बराड़ मक्खन ने इसकी पुष्टि की है। हादसे के बाद नरेंद्र पाल सिंह अपने समर्थकों के साथ सिविल अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां पता चला कि उनकी गाड़ी से कुचले गए व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं, डीएसपी सिटी बरजिंदर सिंह भुल्लर ने कहा कि हम जांच कर रहे हैं। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल में भर्ती विवाद में घायल शिअद कार्यकर्ता। (जागरण)
कांग्रेस नेता ने अकालियों पर लगाया शराब बांटने का आरोप
कांग्रेस नेता नरेंद्र पाल सिंह सिद्धू का कहना है कि अकाली समर्थक दोसांझ रोड पर शराब बांट रहे थे। मैं तो उन्हें रोकने गया था। हम पर लगे आरोप झूठे हैं। गौरतलब है कि नरेंद्र पाल सिंह वही कांग्रेस नेता हैं, जिन पर नगर निगम की जमीन पर कब्जा करने का आरोप है। रिटर्निग अफसर के सामने यह दस्तावेज पेश किए गए थे, लेकिन उन्होंने आपत्ति दर्ज करने से यह कहते हुए इन्कार कर दिया कि प्रत्याशी महिला हैं। उसके पति पर यह कानून लागू नहीं होगा।
अस्पताल के बाहर अकालियों का जमावड़ा, आज पहुचेंगे सुखबीर
सिविल अस्पताल के बाहर देर रात अकाली नेताओं का जमावड़ा लग गया। पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की तो कार्यकर्ता भड़क गए। डीएसपी ने कहा कि दोनों पक्षों में टकराव न हो इसलिए उन्होंने कार्यकर्ताओं को जाने के लिए कहा था। वहीं, शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल आज यहां पहुंचेंगे। एसपी डी जगत प्रीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। मामला बढ़ा तो कांग्रेस नेता ने गाड़ी से भागने का प्रयास किया। शराब बांटने की कोई बात सामने नहीं आई है। मारे गए एक व्यक्ति का किसी पार्टी से संबंध नहीं है।
