अधिकारों सहित कर्तव्य का भी करें निर्वाह : संजीव सैनी
मोगा संविधान दिवस के उपलक्ष्य में ब्लूमिग बड्स स्कूल (बीबीएस) में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रुप के चेयरमैन संजीव कुमार सैनी ने कहा कि संविधान में हमारे अधिकारों के साथ कर्तव्य भी हैं। देश के जिम्मेदार नागरिक के नाते अगर हर व्यक्ति अपने कर्तव्य पूरा करता रहे तो उसे उसका अधिकार खुद मिल जाएगा। इसके लिए उसे लड़ना नहीं पड़ेगा।
संवाद सहयोगी, मोगा
संविधान दिवस के उपलक्ष्य में ब्लूमिग बड्स स्कूल (बीबीएस) में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रुप के चेयरमैन संजीव कुमार सैनी ने कहा कि संविधान में हमारे अधिकारों के साथ कर्तव्य भी हैं। देश के जिम्मेदार नागरिक के नाते अगर हर व्यक्ति अपने कर्तव्य पूरा करता रहे, तो उसे उसका अधिकार खुद मिल जाएगा। इसके लिए उसे लड़ना नहीं पड़ेगा। इसके लिए जरूरी है कि हम अधिकारों सहित अपने कर्तव्यों का भी निर्वाह करें।
उन्होंने कहा कि आज देश की बड़ी समस्या है कि हम सिर्फ अपने अधिकारों की बात करते हैं, कर्तव्य को भूल गए हैं। वैश्विक संकट के दिनों में बीबीएस ग्रुप प्रबंधन ने स्कूल के हर अध्यापक व स्टाफ का पूरा ख्याल रखा। तमाम आर्थिक संकट की चुनौतियों के बीच उन्हें नियमित वेतन दिया जाता रहा। विद्यार्थियों को तकनीक का बेहतर इस्तेमाल करते हुए आनलाइन शिक्षा उसी तरह देने का प्रयास किया गया जैसे बच्चे कक्षा में पढ़ते हैं। यह स्कूल स्टाफ का कर्तव्य है कि वे इसी तरह स्कूल में शिक्षा का बेहतर माहौल बनाकर रखते हुए विद्यार्थियों को भविष्य के भारत के लिए तैयार करें। हर बच्चे का यह कर्तव्य है कि वह जिस मिट्टी में पला-पढ़ा है, उसके गौरव के लिए काम करे। उस मिट्टी के सम्मान के लिए काम करे। जिस दिन यह भाव हर किसी में आ जाएगा, संविधान दिवस मनाना, तभी सार्थक होगा।
इस मौके पर अध्यापकों ने संविधान से संबंधित चार्ट प्रदर्शित किए, जिसमें भारतीय संविधान को बेहतर ढंग से समझाने का प्रयास किया गया है।
इस मौके पर स्कूल प्रिसिपल डा. हमीलिया रानी ने भी संविधान दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। समारोह में स्कूल की चेयरपर्सन कमल सैनी व पूरा स्टाफ मौजूद था। सभी ने इस मौके पर अपने अधिकारों के प्रति सतर्क रहने सहित अपने कर्तव्य का भी ध्यान रखने का संकल्प लिया।