भाजपा घर-घर पहुंचाएगी केंद्र की योजनाएं, दिलाएगी वंचितों को लाभ : विनय शर्मा
मोगा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष विनय शर्मा ने भारत माता मंदिर में मोदी सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं को बताने वाली पत्रिका का विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने इसे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर बांटने का अभियान शुरू किया।
जागरण संवाददाता, मोगा
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष विनय शर्मा ने भारत माता मंदिर में मोदी सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं को बताने वाली पत्रिका का विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने इसे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर बांटने का अभियान शुरू किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विनय शर्मा ने कहा कि जनसंपर्क अभियान के तहत ये पत्रिका घर-घर तक पहुंचाने सहित कार्यकर्ताओं को ऐसे लोगों की सूची तैयार करनी है, जो केंद्रीय योजनाओं के लाभ लेने के हकदार हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं मिल पा रहा है। ताकि बाद में ऐसे लोगों को लाभ दिलाया जा सके। उन्होंने बताया कि इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता लोगों को ये भी बताएंगे कि केंद्र की योजनाओं का लाभ कैसे लिया जा सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कांग्रेस की कैप्टन सरकार की अनदेखी के चलते बहुत से लोगों को केंद्र की ओर से दिया गया लाभ पहुंचा ही नहीं है। कोरोना काल में तीन महीने के लिए नीला कार्डधारकों के लिए दी गई राशन सामग्री इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
जिला उपाध्यक्ष सुनील गर्ग एडवोकेट ने कहा कि त्रिसूत्रीय इस अभियान के तहत पार्टी का उद्देश्य हर व्यक्ति तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना व समझना है। जिन लोगों तक केंद्र की योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच रहा है, उन्हें आगामी दिनों में कैंप के माध्यम से या प्रशासन पर दबाव बनाकर ये लाभ पहुंचाना ही उद्देश्य है। जिला महामंत्री बोहड़ सिंह ने कहा कि भाजपा आम आदमी की आवाज बनकर उनकी खुशहाली के लिए काम करेगी।
कार्यक्रम का मंच संचालन जिला महामंत्री सर्दूल सिंह कंग ने किया। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष लीना गोयल, जिला भाजपा की मंत्री नीतू चोपड़ा, किसान मोर्चा पंजाब के प्रभारी त्रिलोचन सिंह गिल, गुरमेल सिंह सरां, कुलवंत सिंह आदि मौजूद थे।
----------- संवेदनशील मुद्दे हैं शामिल
पत्रिका में 84 के दंगों के दोषियों को सजा दिलाने के लिए ग्राउंड तैयार करना, राम मंदिर निर्माण के लिए माहौल बनाने, करतारपुर कोरिडोर की सालों पुरानी मांग को पूरा करने, तीन तलाक, जम्मू कश्मीर से धारा-370 हटाने जैसे संवेदनशील मुद्दों को शामिल किया गया है। जनधन योजना में कोरोना के दिनों में महिलाओं के खाते में 500-500 रुपये की राशि जारी करने जैसी उपलब्धि भी शामिल है।